Saturday, March 7

आदापुर: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध कारतूस और चाकू के साथ एक युवक गिरफ्तार

आदापुर।(Vor desk)। सीमावर्ती क्षेत्रों में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आदापुर पुलिस ने छापेमारी कर एक युवक को अवैध कारतूस, चाकू और नकदी के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस कप्तान स्वर्ण प्रभात के निर्देश और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तार युवक की पहचान बंजरिया थाना क्षेत्र के जटवा जनेरवा निवासी अब्दुल गनी के पुत्र रैसुल आजम के रूप में हुई है।

​थानाध्यक्ष पप्पू कुमार पासवान ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आंध्रा पंचायत में एक संदिग्ध व्यक्ति अवैध कारतूस के साथ किसी गतिविधि को अंजाम देने पहुंचा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और रैसुल आजम को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से 12 बोर के तीन जिंदा कारतूस, दोनाली बंदूक के 12 बोर के चार खोखे और एक धारदार चाकू बरामद किया गया। इसके अतिरिक्त पुलिस ने मौके से एक मोबाइल फोन, चार हजार छह सौ रुपये नकद और एक बाइक (बीआर 05 आर 7152) भी जब्त की है।

​थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से बरामद अवैध सामग्री के संबंध में गहन पूछताछ की गई है। इस दौरान युवक से मिली महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर पुलिस अग्रतर कार्रवाई में जुट गई है, जिसे फिलहाल गोपनीय रखा गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कारतूस और हथियारों की आपूर्ति कहाँ से की जा रही थी। फिलहाल आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!