
रक्सौल।(Vor desk)। राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना नरीर गिर चौक के समीप हुई, जहाँ विपरीत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। घायल युवक की पहचान लक्ष्मीपुर निवासी कलीम अंसारी के पुत्र इजाजुल हक के रूप में हुई है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क पर गिरकर बुरी तरह चोटिल हो गया और उसकी बाइक के परखच्चे उड़ गए।इजाजुल बेतिया जा रहे थे,तभी यह हादसा हुआ।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए रामगढ़वा पुलिस को सूचित किया और राहत कार्य में जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर स्थिति को संभाला और दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर व बाइक को अपने कब्जे में लिया। घायल इजाजुल हक को तत्काल रक्सौल स्थित एसआरपी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। चिकित्सकों की एक विशेष टीम उनकी जान बचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इधर, दुर्घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों और शुभचिंतकों की भारी भीड़ जमा हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में शामिल स्वराज ट्रैक्टर रामगढ़वा के दुबे टोला सतीपुरा निवासी किसी व्यक्ति का बताया जा रहा है। फिलहाल ट्रैक्टर चालक मौके से फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। स्थानीय निवासियों ने घटना पर रोष व्यक्त करते हुए कहा कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन चलाना आम बात हो गई है, जिससे आए दिन बेगुनाह लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं। लोगों ने जिला प्रशासन और यातायात विभाग से इस दिशा में ठोस कदम उठाने की पुरजोर मांग की है।
