
आदापुर (पूर्वी चंपारण)।(Vor desk)।भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के रक्सौल स्थित आदापुर प्रखंड के हरपुर में 76वां गणतंत्र दिवस बेहद उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। स्थानीय ऑक्सफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित इस समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। विद्यालय के प्रबंध निदेशक इंजीनियर अनिल कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। ग्रामीण परिवेश से आने वाले इन छात्र-छात्राओं ने न केवल देशभक्ति गीतों और थीम डांस से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध किया, बल्कि उनकी बेहतरीन अंग्रेजी संवाद (English Spoken) प्रस्तुति ने यह साबित कर दिया कि सीमावर्ती क्षेत्रों की प्रतिभा किसी भी बड़े शहर से कम नहीं है।






इस गौरवपूर्ण अवसर पर सुरक्षा बलों और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया। हरपुर एसएसबी कैंप के उप निरीक्षक जयप्रकाश चंद, सह उप निरीक्षक सुनील कुमार के साथ थानाध्यक्ष राहुल कुमार, एस.आई. उत्तम कुमार, नसीम हैदर और स्टाफ रवि रंजन विशेष रूप से शामिल हुए। वहीं, प्रखर पत्रकार दीपक अग्निरथ, राजेश केजरीवाल, वरीय पत्रकार मुनेश राम, समाजसेवी नुरुल्लाह खान, महिला नेत्री पार्वती तिवारी, डाकपाल मोहन प्रसाद और सुनील कुमार जैसे विशिष्ट अतिथियों ने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना की। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि इस तरह के आयोजनों से नई पीढ़ी में अनुशासन, देशभक्ति और सामाजिक चेतना का संचार होता है। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक ओशी सर, शिशुपाल सर और शिक्षिका सिद्धि कुमारी, पूजा पटेल, वंशिका, सौम्या, साक्षी व शांति कुमारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समारोह के अंत में इंजीनियर अनिल कुमार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
