
रक्सौल/आदापुर।(Vor desk)। सीमावर्ती क्षेत्रों में नार्कोटिक्स तस्करों के विरुद्ध अभियान चलाते हुए रक्सौल पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। नेपाल से भारतीय सीमा में प्रवेश कर रही एक बोलेरो गाड़ी से पुलिस ने 2 क्विंटल 92 किलोग्राम गाँजा जब्त किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पश्चिम चम्पारण के रहने वाले एक तस्कर (ड्राइवर) को भी गिरफ्तार किया है।
घटना के संबंध में रक्सौल डीएसपी मनीष आनंद ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल से भारी मात्रा में गाँजा लोड कर एक बोलेरो गाड़ी भारतीय क्षेत्र में दाखिल होने वाली है। सूचना मिलते ही हरैया थाना पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए सड़क पर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया। चेकिंग के दौरान जैसे ही पुलिस की नजर संदिग्ध बोलेरो पर पड़ी, तस्कर ने रुकने के बजाय गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और भागने का प्रयास किया।
पुलिस ने साहस दिखाते हुए गाड़ी का पीछा किया। इसी आपाधापी में तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर एक डिवाइडर से जा टकराई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर मौके से ड्राइवर को दबोच लिया। जब क्षतिग्रस्त वाहन की तलाशी ली गई, तो उसमें छिपाकर रखा गया कुल 292 किलो गाँजा बरामद हुआ।
फिलहाल, गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ जारी है ताकि सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय नार्कोटिक्स सिंडिकेट की कड़ियों को जोड़ा जा सके। पुलिस इस मामले में नेटवर्क के मुख्य सरगनाओं तक पहुँचने के लिए नेपाल पुलिस के साथ भी समन्वय स्थापित कर रही है। पुलिस की इस मुस्तैदी ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह को बड़ा झटका दिया है।
