
रक्सौल।(Vor desk)। शिक्षा के क्षेत्र में विस्तार करते हुए रक्सौल-आदापुर कैनाल रोड स्थित खेखरीया गांव के समीप शुक्रवार को ‘कैम्ब्रिज वर्ल्ड एकेडमी’ का विधिवत शुभारंभ किया गया। सरस्वती पूजा के शुभ अवसर पर विद्यालय के नवनिर्मित भवन में वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-पाठ के साथ पठन-पाठन की नई पारी की शुरुआत हुई।
छात्राओं के साथ अब छात्र भी ले सकेंगे शिक्षा
विद्यालय के निदेशक प्रकाश गिरि ने जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व में संचालित ‘कैम्ब्रिज गर्ल्स एकेडमी’ को अब नए स्वरूप में ‘कैम्ब्रिज वर्ल्ड एकेडमी’ के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने बताया कि विद्यालय के विस्तार के साथ ही शिक्षा पद्धति में भी बदलाव किया गया है। अब कक्षा 1 से 5 तक सह-शिक्षा (Co-education) के तहत बालक और बालिकाओं दोनों का नामांकन लिया जाएगा। वहीं, कक्षा 6 से 10 तक पूर्व की भांति केवल बालिकाओं के लिए समर्पित रहेगा, ताकि उन्हें उच्च स्तरीय और सुरक्षित शैक्षणिक माहौल मिल सके।
सर्वांगीण विकास के लिए चुनी गई विशेष टीम
चेयरमैन सतीश कुमार गिरि ने कहा कि रक्सौल क्षेत्र में अभिभावकों के पास अब एक ऐसा विकल्प है जहाँ बच्चों के केवल किताबी ज्ञान पर ही नहीं, बल्कि उनके सर्वांगीण और सह-शैक्षणिक विकास पर भी जोर दिया जाएगा। नए भवन में आधुनिक लैब, खेल के मैदान और स्मार्ट क्लास जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके लिए अनुभवी और समर्पित शिक्षकों की एक विशेष टीम का चयन किया गया है।
समारोह में जुटे शिक्षाविद और गणमान्य
उद्घाटन के इस गरिमामयी अवसर पर कैम्ब्रिज पब्लिक स्कूल के निदेशक विकास गिरि, मुखिया प्रतिनिधि अशोक कुमार गुप्ता, कांग्रेस नेता मृणाल किशोर और समाजसेवी पूर्णिमा भारती मुख्य रूप से उपस्थित रहे।साथ ही, प्रमोद गिरि, मनोज कुमार पाण्डेय, देवेश कुमार पाण्डेय, सुधीर कुमार सिंह, तनुजा शर्मा, रेणु सिंह, लालमुनि साह, रिया तिवारी, शशि स्नेहा आर्या, सोनाली सर्राफ, शिवन्या कुमारी, मिल्की कुमारी, सुबोध मणी पाण्डेय, आश नारायण प्रसाद, सुधांशू शर्मा, प्रदीप किशोर, संजय कुमार, विवेक शर्मा, अभिमन्यू शर्मा, राधेश्याम कुमार, अभिषेक सिंह और रवि गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे।
