Saturday, March 7

​रक्सौल स्टेशन से धराया गुजरात की जेल से फरार कैदी, चार साल से पुलिस को दे रहा था चकमा

​STF पटना की सूचना पर रेल पुलिस ने प्लेटफार्म संख्या 2-3 से दबोचा, सूरत की क्राइम ब्रांच टीम को सौंपा गया
​रक्सौल ।(Vor desk)।
बिहार की रक्सौल रेल पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए गुजरात की लाजपोर सेंट्रल जेल (सूरत) से पिछले चार वर्षों से फरार चल रहे एक शातिर कैदी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार कैदी की पहचान उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिला अंतर्गत गुलहरिया थाना क्षेत्र के अमुआ निवासी इस्तियाक हुसैन इस्लाम हुसैन सिद्दीकी (40 वर्ष) के रूप में हुई है।
​पैरोल पर बाहर आकर हो गया था फरार
​पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कैदी संख्या-1831 इस्तियाक हुसैन करीब 4 साल पहले गुजरात की जेल से 21 दिनों की पैरोल पर बाहर निकला था। पैरोल की अवधि समाप्त होने के बाद वह जेल वापस नहीं लौटा और फरार हो गया था, जिसके बाद से गुजरात पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी।
​STF पटना की सटीक सूचना पर कार्रवाई
​इस मामले में मोड़ तब आया जब 21 जनवरी 2026 को एसटीएफ (STF) पटना द्वारा रक्सौल रेल पुलिस को सूचना मिली कि उक्त फरार अपराधी रक्सौल रेलवे स्टेशन पर मौजूद है। सूचना मिलते ही रेल थानाध्यक्ष पवन कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 02-03 से घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। इसकी जानकारी तुरंत एसटीएफ पटना और सूरत की स्पेशल क्राइम ब्रांच को दी गई।
​सूरत क्राइम ब्रांच के सुपुर्द किया गया आरोपी
​गिरफ्तारी के बाद गुरुवार (22 जनवरी) को सूरत स्पेशल क्राइम ब्रांच के सब इंस्पेक्टर अनिल एन चौहान अन्य पुलिस कर्मियों के साथ रक्सौल रेल थाना पहुंचे। कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद रक्सौल पुलिस ने फरार कैदी इस्तियाक हुसैन को सूरत पुलिस की टीम के हवाले कर दिया, जो उसे अपने साथ वापस गुजरात ले गई है।
​छापेमारी दल में शामिल अधिकारी:
​इस सफल ऑपरेशन में मुख्य रूप से रक्सौल रेल थानाध्यक्ष पवन कुमार, चालक सिपाही राजेश कुमार और सिपाही सचिन कुमार शामिल थे।(रिपोर्ट;पीके गुप्ता)।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!