
प्रशासन और चैंबर ऑफ कॉमर्स की महाबैठक में बनी सहमति; नहर किनारे बनेगा रिवर फ्रंट पार्क
रक्सौल।(Vor desk)।अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित प्रमुख व्यापारिक शहर रक्सौल की बुनियादी समस्याओं के समाधान और इसके सर्वांगीण विकास को लेकर बुधवार को एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में प्रशासन और रक्सौल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के बीच शहर की सूरत बदलने पर व्यापक सहमति बनी। बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 26 जनवरी को लक्ष्मीपुर में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस नए बस स्टैंड का भव्य उद्घाटन किया जाएगा,शहर में जाम से निजात के लिए कारगर पहल होगी।
जाम और अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा एक्शन प्लान
बैठक में मौजूद अनुमंडल पुलिस उपाधीक्षक (SDPO) मनीष आनंद, कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार और रक्सौल थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार की उपस्थिति में शहर की सबसे बड़ी समस्या ‘जाम’ पर नकेल कसने की रणनीति तैयार की गई।
बसों पर प्रतिबंध: नए बस स्टैंड के शुरू होते ही शहर के अंदर सभी सरकारी और निजी बसों का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया जाएगा।
पड़ाव का निर्धारण: ई-रिक्शा, टेम्पू और तांगा के लिए विशिष्ट ठहराव स्थल तय किए जाएंगे ताकि मुख्य चौराहों पर भीड़ न जुटे।
सख्ती: मुख्य मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए चिन्हित स्थानों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
चैंबर ने सौंपा 10 सूत्री मांग पत्र
रक्सौल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के महासचिव सह मीडिया प्रभारी शम्भु प्रसाद चौरसिया ने प्रशासनिक अधिकारियों को 10 प्रमुख बिंदुओं पर आधारित एक ज्ञापन सौंपा। उन्होंने स्थानीय विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा द्वारा बस स्टैंड हेतु किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए शहर के विकास के लिए विजन साझा किया।
सौंदर्यीकरण: नहर किनारे दिखेगी आकर्षक साज-सज्जा
शहर को ‘स्वच्छ और सुंदर’ बनाने के संकल्प के साथ महासचिव चौरसिया ने बाईपास रोड से सरस्वती शिशु मंदिर तक नहर के दोनों किनारों की सफाई और सौंदर्यीकरण का सुझाव दिया। प्रशासन ने इस पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए यहाँ मॉर्निंग वॉक पाथवे, बेंच और लाइटिंग युक्त पार्क विकसित करने का आश्वासन दिया, ताकि शहरवासियों को सुकून के कुछ पल मिल सकें।
चैंबर की ओर से वरिष्ठ उपाध्यक्ष नितिन कुमार, सचिव सह प्रवक्ता राज कुमार गुप्ता, सहसचिव गिरधारी लाल श्रीवास्तव, भाजपा नेता राजकिशोर राय उर्फ भगत जी और वार्ड पार्षद रवि कुमार गुप्ता ने भी अपने सुझाव रखे।
बैठक में इनकी रही मौजूदगी
नगर परिषद के कार्यवाहक सभापति पति सह चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष राकेश कुमार कुशवाहा सहित स्थानीय सरकारी व निजी बस संचालक संघ, ट्रांसपोर्ट यूनियन, टेम्पू और ई-रिक्शा संघ के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया और प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिया।
”हमारा उद्देश्य रक्सौल को एक व्यवस्थित और सुंदर शहर बनाना है। बस स्टैंड के शिफ्ट होने और अतिक्रमण हटने से आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी।” — मनीष कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, रक्सौल
