
रक्सौल के आश्रम रोड की घटना; SSB जवान के पुत्र ने उठाया आत्मघाती कदम, प्रेम-प्रसंग का अंदेशा
रक्सौल।(Vor desk)।शहर के वार्ड नंबर 9, आश्रम रोड में बुधवार को उस समय मातम पसर गया, जब दरोगा भर्ती की तैयारी कर रहे एक मेधावी युवक का शव उसके कमरे में पंखे से लटका मिला। मृतक की पहचान सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवान परमेश्वर प्रसाद गुप्ता के 27 वर्षीय पुत्र अजय कुमार के रूप में हुई है। अजय घर पर अपने छोटे भाई के साथ रह रहा था, जबकि उसके पिता वर्तमान में असम के गुवाहाटी में तैनात हैं और मां मुन्नी देवी भी एक माह पूर्व पति के पास गई हुई थीं।
खिड़की से झांका तो उड़े होश
परिजनों के अनुसार, बुधवार सुबह जब अजय के कमरे का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुला, तो उसके छोटे भाई और चाचा को अनहोनी की आशंका हुई। जब खिड़की से झांककर देखा गया, तो अजय का शव पंखे से झूल रहा था। शोर मचने पर आसपास के लोग जुटे और तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। छोटे भाई ने बताया कि वह मंगलवार को स्नातक की परीक्षा देकर लौटा था और सुबह भाई की मौत की खबर ने उसे झकझोर कर रख दिया।
मोबाइल रिकॉर्ड्स से प्रेम-प्रसंग का सुराग
परिजनों और स्थानीय लोगों ने बताया कि अजय पढ़ाई में काफी तेज था और वह अपना अधिकांश समय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में बिताता था। हालाँकि, शुरुआती जांच और मोबाइल खंगालने के बाद छोटे भाई ने अंदेशा जताया है कि अजय किसी प्रेम-प्रसंग के चलते मानसिक तनाव में था। मोबाइल रिकॉर्ड्स से किसी युवती के साथ बातचीत के संकेत मिले हैं, जिसे आत्महत्या की संभावित वजह माना जा रहा है।
FSL की टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुँचे। मामले की गहराई से जांच के लिए मुजफ्फरपुर से एफएसएल (FSL) की टीम को बुलाया गया है। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने कमरे से साक्ष्य एकत्रित किए हैं ताकि मौत के कारणों की वैज्ञानिक पुष्टि हो सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया है।
थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने कहा:
“शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच के एफएसएल टीम की मदद ली जा रही है। परिजनों से प्राप्त आवेदन और मोबाइल रिकॉर्ड्स के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।”
