Saturday, March 7

रक्सौल की सड़कों को मिलेगा ‘दमघोंटू जाम’ से छुटकारा: लक्ष्मीपुर में बनेगा नया बस स्टैंड, गणतंत्र दिवस पर होगा उद्घाटन!

रक्सौल।(Vor desk)। शहर को दशकों पुरानी जाम की समस्या से स्थायी मुक्ति दिलाने के लिए नगर परिषद और स्थानीय प्रशासन की योजना अब धरातल पर उतरने को तैयार है। रक्सौल के मुख्य बाजार से हटाकर अब बस स्टैंड को शहर के बाहरी इलाके लक्ष्मीपुर में स्थानांतरित किया जा रहा है। मंगलवार को क्षेत्रीय विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा ने निर्माणाधीन बस स्टैंड का सघन निरीक्षण कर अंतिम चरण की तैयारियों का जायजा लिया।

​विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा ने निरीक्षण के दौरान कहा कि रक्सौल शहर की सड़कों पर बसों और भारी वाहनों के अनियंत्रित जमावड़े के कारण आम नागरिकों और व्यापारियों को हर दिन भीषण जाम की अग्निपरीक्षा से गुजरना पड़ता था। उन्होंने लक्ष्मीपुर बस स्टैंड के निर्माण को एक ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि इससे शहर के भीतर यातायात का दबाव लगभग समाप्त हो जाएगा। उन्होंने पुष्टि की कि बस स्टैंड निर्माण की सभी तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं।

सांसद करेंगे विधिवत उद्घाटन

विधायक ने जानकारी दी कि आगामी 26जनवरी (गणतंत्र दिवस) के पावन अवसर पर स्थानीय सांसद डा संजय जायसवाल इस नवनिर्मित बस स्टैंड का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन के तुरंत बाद यहाँ से बसों का विधिवत संचालन शुरू हो जाएगा, जिससे यात्रियों को एक ही छत के नीचे सभी बुनियादी सुविधाएं मिल सकेंगी।

​निरीक्षण के दौरान विधायक के साथ धनगढ़वा कौड़िहार पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मोहम्मद नायाब आलम और मुखिया जफिर अहमद सहित कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। स्थानीय लोगों का मानना है कि बस स्टैंड के बाहर शिफ्ट होने से न केवल रक्सौल की सूरत बदलेगी, बल्कि बाजार क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!