
रक्सौल।(Vor desk)। बिहार सरकार के ‘सात निश्चय-3’ के अंतर्गत ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ कार्यक्रम को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से सोमवार को रक्सौल नगर परिषद कार्यालय में जन संवाद का आयोजन किया गया। सरकारी दिशा-निर्देशों के आलोक में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने कार्यालय में उपस्थित होकर क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से आए नागरिकों की समस्याओं को प्रत्यक्ष रूप से सुना। उन्होंने न केवल लोगों की शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ दर्ज किया, बल्कि उनके त्वरित निराकरण के लिए मौके पर ही संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश और परामर्श भी दिए।
राज्य सरकार की इस नई व्यवस्था के तहत अब प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को सभी सरकारी कार्यालयों के प्रमुखों का अपने कक्ष में उपस्थित रहकर जनता से सीधा संवाद करना अनिवार्य कर दिया गया है। यह नियम ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल से लेकर जिला और राज्य स्तरीय सभी कार्यालयों पर प्रभावी है। इसका मूल उद्देश्य आम नागरिकों की शिकायतों का सम्मानपूर्वक और त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करना है, ताकि उन्हें अपनी समस्याओं के लिए अनावश्यक भटकना न पड़े।
इस जन संवाद के दौरान डॉ. मनीष कुमार ने शहरवासियों के लिए एक बड़ी राहत की घोषणा भी की। उन्होंने बताया कि अगले एक माह के भीतर नगर परिषद की सभी महत्वपूर्ण नागरिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध करा दी जाएंगी। इस डिजिटल पहल के बाद रक्सौल के नागरिकों को अपने छोटे-बड़े सरकारी कार्यों के लिए नगर परिषद कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और वे घर बैठे ही इन सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
इस अवसर पर स्वच्छता पदाधिकारी कन्हैया कुमार यादव, प्रभारी प्रधान सहायक चंदेश्वर बैठा, नगर मिशन प्रबंधक राकेश रंजन, कर संग्राहक पंकज कुमार सिंह, आईटी सहायक अजीत कुमार श्रीवास्तव उर्फ गुड्डू श्रीवास्तव और डॉ. आर पी सिंह सहित कई अन्य अधिकारी व कर्मी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
