Saturday, March 7

रक्सौल में आरएसएस के शताब्दी वर्ष पर 31 जनवरी को भव्य हिन्दू सम्मेलन, तैयारियाँ तेज

रक्सौल।(Vor desk)।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आगामी 31 जनवरी को रक्सौल के पोस्ट ऑफिस रोड स्थित श्री राम जानकी मंदिर सह विवाह परिसर में एक विशाल हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। शनिवार को शिवाजी बस्ती के स्वयंसेवकों की बैठक को संबोधित करते हुए जिला सेवा प्रमुख विकास कुमार ने कहा कि संघ अपने सौ वर्षों के सफर को पूरे देश में विभिन्न उत्सवों के रूप में मना रहा है। इसी कड़ी में रक्सौल की सभी 10 बस्तियों में सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में समरसता लाना, सांस्कृतिक चेतना जगाना और हिंदू समाज को संगठित कर एक सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देना है।

​सम्मेलन को सफल बनाने के लिए शिवाजी बस्ती स्तर पर एक विशेष समिति का गठन कर जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस समिति में रजनीश प्रियदर्शी को अध्यक्ष, सुरेश कुमार गुप्ता (बाबा) को उपाध्यक्ष, धीरज कुमार को सचिव, सनोज कुमार को सह-सचिव, हेमंत वर्णवाल को कोषाध्यक्ष तथा विवेक कुमार को सह-कोषाध्यक्ष का दायित्व दिया गया है। विकास कुमार ने बताया कि शताब्दी वर्ष के निमित्त संघ द्वारा सात विशेष कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है, जिनमें यह हिन्दू सम्मेलन अत्यंत महत्वपूर्ण है।

​31 जनवरी को संध्या 5 बजे से शुरू होने वाला यह कार्यक्रम तीन प्रमुख सत्रों में संपन्न होगा, जिसमें भजन संध्या, बौद्धिक सत्र और अंत में प्रसाद वितरण शामिल है। जिला सेवा प्रमुख ने समस्त रक्सौल वासियों से इस गौरवशाली आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की है। बैठक के दौरान जिला कार्यवाह दुर्गेश कुमार, जिला संपर्क प्रमुख सुबोध कुमार, शिवाजी बस्ती प्रमुख हेमंत कुमार, प्रकाश कुमार, चंदन गुप्ता, सुनील कुमार और अजय कुमार सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!