Saturday, March 7

रक्सौल में मारवाड़ी महिला सम्मेलन ने कड़ाके की ठंड में असहायों को दिया कंबल और नकद का सहारा

रक्सौल।(Vor desk)। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन की रक्सौल शाखा द्वारा ‘सेवा से संतोष’ अभियान के तहत मानवता की मिसाल पेश की गई। संस्था की अध्यक्षा सोनू काबरा के नेतृत्व में देर रात शहर के विभिन्न हिस्सों में घूम-घूम कर कड़ाके की ठंड से जूझ रहे सैकड़ों गरीब, असहाय और निराश्रित लोगों के बीच गर्म कंबल एवं नकद राशि का वितरण किया गया। सेवा का यह कार्य मुख्य रूप से रक्सौल रेलवे स्टेशन, मैत्री पुल के समीप स्थित मंदिर और अनुमंडलीय अस्पताल परिक्षेत्र में चलाया गया, जहाँ खुले आसमान के नीचे रात गुजारने वाले जरूरतमंदों को राहत पहुँचाई गई।

​इस अवसर पर अध्यक्षा सोनू काबरा ने कहा कि संगठन अपने सेवाभावी कार्यकर्ताओं के सहयोग से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों की मदद के लिए निरंतर संकल्पित है। वहीं पूर्व अध्यक्षा वीणा गोयल ने ‘मानव सेवा ही माधव सेवा’ के भाव पर जोर देते हुए कहा कि सम्मेलन सामाजिक सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और बच्चों की शिक्षा जैसे रचनात्मक कार्यों के माध्यम से राष्ट्र प्रेम की भावना को सुदृढ़ करने का कार्य कर रहा है। इस पुनीत कार्य को सफल बनाने में सचिव संगीता धनोठिया, कोषाध्यक्ष संगीता रुंगटा, नेत्रदान प्रमुख रचना रुंगटा, अंगदान प्रमुख सुशीला अग्रवाल, शिखा रंजन, सुमन अग्रवाल, आशा अग्रवाल और सारिका अग्रवाल ने सक्रिय योगदान देकर अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!