Saturday, March 7

पूर्वी चंपारण पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश, कई राज्यों में फैला था जाल


​मोतिहारी/रक्सौल।(Vor desk)। पूर्वी चंपारण पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पूर्वी चम्पारण के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के कड़े निर्देश पर यह बड़ी करवाई हुई है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह के सक्रिय सदस्यों को दबोचा, जो आम लोगों को अधिक पैसा कमाने का झांसा देकर उनके बैंक खाते, सिम कार्ड और एटीएम कार्ड का उपयोग साइबर फ्रॉड के लिए करते थे।
​ऐसे हुआ गिरोह का खुलासा
पुलिस को सूचना मिली थी कि रामगढ़वा थाना क्षेत्र के बौधा निवासी कुंदेश कुमार कुशवाहा उर्फ छोटू भोले-भाले लोगों के खातों का उपयोग साइबर फ्रॉड की रकम मंगाने के लिए कर रहा है। इस सूचना के सत्यापन के लिए साइबर पुलिस उपाधीक्षक अभिनव पराशर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुंदेश कुमार को गिरफ्तार किया, जिसकी निशानदेही पर रक्सौल के हरनाही निवासी नीरज कुमार और शुभम कुमार को भी गिरफ्तार किया गया।

​रक्सौल का ‘रोमियो’ था मुख्य कड़ी
पूछताछ में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि रक्सौल के सभ्यता नगर निवासी मोहित राज उर्फ रोमियो उर्फ रोमी इन खातों के माध्यम से ठगी की राशि का लेन-देन करता था। वह प्रत्येक खाते के बदले गिरोह के सदस्यों को ₹70,000 की राशि देता था। बरामद पासबुक और चेकबुक की तकनीकी जांच से पता चला है कि इस गिरोह के खिलाफ तमिलनाडु, महाराष्ट्र, गुजरात, बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश सहित कई अन्य राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं।

​इनकी हुई गिरफ्तारी और ये सामान हुए बरामद
पुलिस ने इस मामले में कुंदेश कुमार कुशवाहा (रामगढ़वा), नीरज कुमार (रक्सौल) और शुभम कुमार (रक्सौल) को गिरफ्तार किया है, जबकि मोहित राज उर्फ रोमियो को गिरफ्तार करने के साथ ही उनके नेटवर्क की भी पड़ताल की गई है। अपराधियों के पास से 4 मोबाइल फोन, 17 पासबुक, 15 चेकबुक, 16 एटीएम कार्ड, 4 ब्लेंक चेक और 1 क्रेडिट कार्ड बरामद किया गया है।
​छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी
एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देशन में गठित इस टीम में साइबर थानाध्यक्ष सह डीएसपी अभिनव परासर, पुअनि प्रत्यूष कुमार विक्की, शिवम सिंह, सौरभ कुमार आजाद, सुमित कुमार (रामगढ़वा थाना) सहित सिपाही आनंद कुमार, गौतम कुमार, नीरज कुमार और चालक अजीत कुमार शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!