
रक्सौल (पूर्वी चंपारण)।(Vor desk)। भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना की टीम ने सोमवार को रक्सौल अनुमंडल के प्रखंड के भेलवा पंचायत में तैनात राजस्व कर्मचारी सोनू कुमार को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी छौड़ादानो स्टेशन के समीप स्थित मुखिया कार्यालय के पास से हुई, जहां कर्मचारी परिमार्जन के कार्य के बदले रिश्वत की पहली किश्त स्वीकार कर रहा था।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि धरहरी गांव निवासी रामबाबू प्रसाद ने अपनी जमीन के परिमार्जन हेतु आवेदन दिया था। इसे निष्पादित करने के नाम पर राजस्व कर्मचारी सोनू कुमार ने उनसे कुल 12 हजार रुपये की मांग की थी। परेशान होकर रामबाबू ने इसकी शिकायत पटना स्थित निगरानी विभाग से की। विभाग द्वारा मामले का गुप्त सत्यापन कराए जाने के बाद, आरोप सही पाए गए और टीम ने जाल बिछाया।
सोमवार को जैसे ही रामबाबू प्रसाद ने रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 5 हजार रुपये सोनू कुमार को थमाए, वैसे ही सादे लिबास में तैनात निगरानी टीम ने उसे चारों तरफ से घेर लिया और रंगे हाथों दबोच लिया। कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे निगरानी डीएसपी विंध्याचल प्रसाद ने बताया कि परिवादी ने 9 जनवरी को शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर यह सफल ट्रैप ऑपरेशन चलाया गया।
इस कार्रवाई की खबर जैसे ही रक्सौल और आसपास के अंचल कार्यालयों में पहुंची, वहां तैनात कर्मियों के बीच हड़कंप मच गया। स्थिति यह थी कि कार्रवाई की सूचना मिलते ही कई प्रखंड व अंचल कर्मियों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर लिए। फिलहाल, निगरानी की टीम आरोपी कर्मचारी को हिरासत में लेकर मोतिहारी चली गई है, जहां उससे आगे की पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
