
रक्सौल।(Vor desk)।मानवता की सेवा ही ईश्वर की सच्ची इबादत है, इसी भाव को चरितार्थ करते हुए रक्सौल एस.ए.बी. स्कूल के निदेशक सह लायंस क्लब के पूर्व अध्यक्ष लायन साइमन रेक्स ने अपनी दिवंगत माता का जन्मदिन अनूठे और सेवाभावी ढंग से मनाया। इस विशेष अवसर पर कनना स्थित ‘माहेर ममता निवास’ में एक प्रार्थना सभा और सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह निवास उन असहाय और निराश्रित महिलाओं का आश्रय स्थल है, जिन्हें उनके अपनों ने बेसहारा छोड़ दिया है।
यह आयोजन लायंस डिस्ट्रिक्ट 322 ई के ‘भूख सेवा सप्ताह’ के तहत आयोजित किया गया, जिसमें लायन रेक्स ने अपनी मां के जन्म दिवस को जरूरतमंदों की सेवा के प्रति समर्पित करने का निर्णय लिया। कार्यक्रम की शुरुआत ममता निवास की महिलाओं द्वारा की गई विशेष प्रार्थना से हुई, जिसमें साइमन रेक्स के परिवार की खुशहाली और उनकी माता की आत्मा की शांति के लिए दुआएं मांगी गईं। श्रद्धा और सेवा के इस संगम में लायन रेक्स ने सभी महिलाओं को दोपहर का नाश्ता कराया और आर्थिक सहयोग प्रदान कर अपनी मां की स्मृति को जीवंत किया।
इस पुनीत कार्य में लायंस क्लब ऑफ रक्सौल के अध्यक्ष लायन बिमल सर्राफ एवं लायन पूनम सर्राफ ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने उपस्थित महिलाओं के बीच मिठाई और नमकीन का वितरण कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं, एस.ए.बी. स्कूल के निदेशक अशोक सिंह ने भी कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। ममता निवास की सिस्टर सीना, बीरेंद्र कुमार और सुप्रिया बोदरा ने लायन रेक्स और उनके सहयोगियों के इस सामाजिक सरोकार की सराहना करते हुए आभार प्रकट किया। अपनों से दूर इन बुजुर्ग और असहाय महिलाओं के चेहरों पर झलकी मुस्कान ने इस आयोजन की सार्थकता को सिद्ध कर दिया।
