Saturday, March 7

रक्सौल: कड़ाके की ठंड में बेसहारा लोगों को मिलेगी राहत, स्टेशन परिसर में अस्थायी रैन बसेरा शुरू

​रक्सौल।(Vor desk)। रक्सौल में बेतहाशा ठंड और शीतलहर को देखते हुए नगर परिषद ने मानवीय पहल करते हुए स्टेशन परिसर स्थित पार्क में अस्थायी रैन बसेरा का निर्माण कराया है। शनिवार को एक औपचारिक समारोह के दौरान नगर परिषद की कार्यवाहक सभापति पुष्पा देवी ने फीता काटकर इसका विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद,स्टेशन अधीक्षक सतीश कुमार जायसवाल, यातायात निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार, राजकीय रेल थानाध्यक्ष पवन कुमार, आरपीएफ के सब इंस्पेक्टर संतोष कुमार मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे,जिन्होंने नगर परिषद के इस जनहितैषी कार्य की सराहना की।

ठहरने के साथ सुरक्षा और सुविधाओं का पुख्ता इंतजाम

नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि इस रैन बसेरा में महिला और पुरुष यात्रियों के लिए पृथक व्यवस्था की गई है। पुरुषों के लिए बनाए गए टेंट में 50 व्यक्तियों और महिलाओं के लिए निर्धारित क्षेत्र में 30 लोगों के ठहरने की क्षमता है। कड़कड़ाती ठंड में खुले आसमान के नीचे रात बिताने को मजबूर लोगों के लिए यहाँ न केवल सिर ढकने की जगह दी गई है, बल्कि ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त संख्या में कंबल और हीटर का भी प्रबंध किया गया है। लोगों की सुरक्षा और सहायता के लिए यहाँ 24 घंटे केयरटेकर की तैनाती की गई है, साथ ही नगर परिषद के कर्मी भी नियमित अंतराल पर भौतिक सत्यापन कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहेंगे।

प्रशासनिक अधिकारियों ने सराही नगर परिषद की पहल

उद्घाटन के दौरान कार्यवाहक सभापति पुष्पा देवी ने विश्वास जताया कि इस पहल से गरीब और जरूरतमंद मुसाफिरों को इस कंपकंपाती ठंड में काफी राहत मिलेगी। एसडीओ मनीष कुमार ने भी इस व्यवस्था को समय की मांग बताते हुए नगर परिषद की टीम को बधाई दी। इस महत्वपूर्ण अवसर पर प्रशासनिक अमले के साथ-साथ भाजपा नेता राकेश कुशवाहा, पार्षद रवि कुमार गुप्ता, घनश्याम गुप्ता,मुकेश कुमार साह, पार्षद प्रतिनिधि अखिलेश दयाल,कमलेश कुमार, नप के प्रधान सहायक चंदेश्वर बैठा, सहायक बैजू जायसवाल,नगर मिशन प्रबंधक राकेश रंजन, रवि रंजन ठाकुर, सफाई निरीक्षक रामनरेश प्रसाद कुशवाहा,टैक्स दरोगा हिमांशु रंजन, कर संग्राहक पंकज कुमार सिंह, कनीय अभियंता राज कुमार राय,टीटीई बृजेन्द्र कुमार मिश्रा सहित सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

फिलवक्त ,देर से ही सही नगर परिषद की इस सक्रियता से अब रेल यात्रियों और राहगीरों को हाड़ कंपाने वाली ठंड में एक सुरक्षित आश्रय मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!