
रक्सौल (पूर्वी चंपारण)।(Vor desk)। लायंस क्लब ऑफ रक्सौल द्वारा लायंस डिस्ट्रिक्ट 322E के गवर्नर एवं अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों के सम्मान में एक भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। स्थानीय पंकज वाटिका परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में लायंस परिवार के सदस्यों ने गर्मजोशी के साथ अतिथियों का अभिनंदन किया।
वरिष्ठ पदाधिकारियों का भव्य स्वागत
क्लब के अध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी लायन बिमल सर्राफ के नेतृत्व में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन प्रदीप खेतान, प्रथम महिला लायन रचना खेतान, कैबिनेट सेक्रेटरी लायन किशन बाजोरिया और कैबिनेट कोषाध्यक्ष लायन श्रुति अग्रवाल का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में मुंबई से आए अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त मोटिवेशनल स्पीकर आनंद मेहता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों को क्लब लायन पिन, अंगवस्त्र और गुलाब का पुष्प भेंट कर सम्मानित किया गया।
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन प्रदीप खेतान ने रक्सौल क्लब की सेवा भावना और उत्कृष्ट आतिथ्य की प्रशंसा करते हुए पूरी टीम को धन्यवाद दिया।
नेपाल के चितवन में अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर (DLLI)
स्वागत समारोह के पश्चात लायंस का प्रतिनिधिमंडल नेपाल के चितवन स्थित होटल रिजेंटा रिसॉर्ट के लिए रवाना हुआ, जहाँ डिस्ट्रिक्ट लायंस लीडरशिप इंस्टीट्यूट (DLLI) द्वारा आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में भाग लिया गया। रक्सौल क्लब की ओर से अध्यक्ष लायन बिमल सर्राफ ने इस शिविर में सक्रिय सहभागिता की।
प्रशिक्षण और प्रमाणन
प्रशिक्षण शिविर के उद्घाटन सत्र में नेपाल चितवन लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 325R के जिलापाल लायन नवराज सपकोटा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। शिविर के समापन पर सभी प्रतिभागी सदस्यों को नेतृत्व कौशल और सेवा प्रबंधन के लिए प्रशिक्षण सर्टिफिकेट प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में इनकी रही सक्रिय भूमिका
समारोह को सफल बनाने में सचिव लायन मोहम्मद निजामुद्दीन, कोषाध्यक्ष लायन अमित कुमार, जोनल चेयरपर्सन लायन शंभु प्रसाद चौरसिया, लायन गणेश धानोठिया, लायन पवन किशोर कुशवाहा, लायन पंकज बरनवाल, लायन राजन गुप्ता, लायन पूनम सर्राफ और लायन शशि अग्रवाल सहित क्लब के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
