
रक्सौल।(Vor desk)। शहर के गमहरिया चौक के समीप एनएच (हाईवे) पर बीती रात एक मानसिक रूप से कमजोर बच्ची को लावारिस हालत में भटकते हुए पाया गया। रात के अंधेरे में बच्ची के किसी अनहोनी या गलत हाथों में पड़ने की आशंका को देखते हुए स्थानीय जागरूक नागरिक और सामाजिक संस्था की तत्परता से उसे सुरक्षित बचा लिया गया है।
त्वरित कार्रवाई से टला खतरा
मामले की जानकारी देते हुए स्वच्छ रक्सौल संगठन के अध्यक्ष रणजीत सिंह ने बताया कि रात्रि करीब 9 बजे विवेक पटेल नामक युवक ने सूचना दी कि एक बच्ची हाईवे पर अकेली घूम रही है। सूचना मिलते ही स्वच्छ रक्सौल की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बच्ची को अपने संरक्षण में लिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल 112 पुलिस सेवा को सूचित किया गया। पुलिस के सहयोग से बच्ची को उचित देखरेख के लिए ‘माहेर ममता निवास’ पहुँचाया गया है, जहाँ वह अभी सुरक्षित है।
परिजनों की तलाश के लिए अपील
फिलहाल बच्ची के परिजनों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। संगठन के अध्यक्ष रणजीत सिंह और माहेर ममता निवास के बीरेन्द्र कुमार ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी व्यक्ति इस बच्ची को पहचानता हो या इसके परिवार के बारे में जानकारी रखता हो, तो निम्नलिखित नंबरों पर तत्काल संपर्क करें:
- रणजीत सिंह (स्वच्छ रक्सौल): 6201284626
- बीरेन्द्र कुमार (माहेर ममता निवास): 9430681049
स्थानीय लोगों ने संगठन की इस त्वरित कार्रवाई और सेवा भावना की सराहना की है, जिससे एक मासूम बच्ची सुरक्षित हाथों में पहुँच सकी।
