
रक्सौल।(Vor desk)।लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 325 एल (नेपाल) के सक्रिय सदस्य और ‘डिप्टी चीफ फॉर ब्लड बैंक’ लायन अमित थापा का रक्सौल आगमन पर लायंस क्लब ऑफ रक्सौल द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। अहमदाबाद में आयोजित ‘आईएसएसएएमई’ (ISSAME) सम्मेलन में भाग लेकर बाइक से नेपाल वापस लौटने के क्रम में स्थानीय लायंस पदाधिकारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ और लायन पिन देकर सम्मानित किया।
क्लब के अध्यक्ष सह मीडिया प्रभारी लायन बिमल सर्राफ, सचिव लायन मोहम्मद निजामुद्दीन, कोषाध्यक्ष लायन अमित कुमार और पूर्व सचिव लायन पवन किशोर कुशवाहा ने श्री थापा की अगवानी की। गौरतलब है कि लायन थापा ने अपनी इस लंबी यात्रा के दौरान भारत-नेपाल मैत्री का संदेश दिया है। उन्होंने अपनी यात्रा के अनुभव साझा करते हुए बताया कि कैसे सीमा पार के ये कार्यक्रम दोनों देशों के संबंधों को एक नया आयाम प्रदान करते हैं। उनके संस्मरण सुनकर उपस्थित सदस्य भावविभोर हो गए।
इस मुलाकात के दौरान लायन थापा ने डिस्ट्रिक्ट 325 एल के गवर्नर लायन येक नारायण शर्मा का विशेष संदेश भी साझा किया। उन्होंने रक्सौल क्लब को आगामी काठमांडू सम्मेलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निमंत्रण दिया।
विदित हो कि लायन अमित थापा पिछले वर्ष भी हैदराबाद सम्मेलन के दौरान रक्सौल आए थे, जहाँ पंकज वाटिका में उनका भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया था। इस सफल स्वागत कार्यक्रम की जानकारी देते हुए लायन बिमल सर्राफ ने कहा कि ऐसे आयोजनों से लायंस परिवार की वैश्विक एकता और आपसी सद्भाव को बल मिलता है।
