
रक्सौल।(Vor desk)। सीमावर्ती क्षेत्र में ठंड के बढ़ते प्रकोप और भीषण शीतलहर को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने मानवीय संवेदनशीलता की एक मिसाल पेश की है। अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) मनीष कुमार के विशेष निर्देश पर प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में कंबल वितरण अभियान चलाया गया, ताकि खुले आसमान के नीचे और अभावों में रह रहे लोगों को इस जानलेवा ठंड से सुरक्षित रखा जा सके।
इसी क्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) जय प्रकाश कुमार की उपस्थिति में सिसवा, कौवाधांगड़ और भेलाही गांवों का दौरा किया गया। प्रशासन की टीम ने इन क्षेत्रों में घूम-घूम कर बेघर, निःशक्त और अत्यंत असहाय व्यक्तियों की पहचान की और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर कंबल उपलब्ध कराए। कड़ाके की ठंड और कनकनी के बीच कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरे पर राहत के भाव दिखे। अधिकारियों ने इस दौरान ग्रामीणों से ठंड के मौसम में सावधानी बरतने की अपील भी की। स्थानीय प्रशासन द्वारा मानवीय दृष्टिकोण से की गई इस त्वरित पहल की हर तरफ सराहना हो रही है। अधिकारियों का कहना है कि प्रशासन समाज के कमजोर वर्गों को राहत पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आने वाले दिनों में भी आवश्यकतानुसार इस तरह के प्रयास जारी रहेंगे।
