Saturday, March 7

नर सेवा ही नारायण सेवा: रक्सौल में नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर में 150 लोगों की हुई जाँच


​रक्सौल।(Vor desk)। शहर के पोस्ट ऑफिस रोड स्थित श्री राम जानकी मंदिर परिसर में मंगलवार को भारत विकास परिषद एवं श्री राम जानकी मंदिर सह विवाह भवन समिति के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। सिद्धि आई केयर, बीरगंज के तकनीकी सहयोग से आयोजित इस शिविर में 150 से अधिक मरीजों ने अपनी आंखों की जांच कराई।


​शिविर का विधिवत उद्घाटन
​कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. आदित्य प्रसाद, डॉ. बिपिशा श्रेष्ठ, परिषद के संरक्षक भरत प्रसाद गुप्त, अवधेश सिंह, मंदिर समिति के अध्यक्ष विनोद गुप्ता और सचिव शिवपूजन प्रसाद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर चिकित्सकों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।


​नेत्र सुरक्षा पर विशेषज्ञों की सलाह


​डॉ. आदित्य प्रसाद और डॉ. बिपिशा श्रेष्ठ ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आँखें शरीर का सबसे संवेदनशील अंग हैं। आज की तनावपूर्ण जीवनशैली में मोतियाबिंद, मायोपिया और हाइपरोपिया जैसी समस्याएं आम हो गई हैं। समय पर जांच और सही उपचार से अंधेपन के खतरे को टाला जा सकता है।
​35 मरीजों में मिला मोतियाबिंद, ऑपरेशन में मिलेगी विशेष छूट
​जांच के दौरान 150 मरीजों में से 35 मरीज मोतियाबिंद से ग्रसित पाए गए। शिविर में मरीजों को मुफ्त दवाएं दी गईं और चश्मे की जांच की गई।
​विशेष सुविधा: कार्यक्रम संयोजक सुनील कुमार ने बताया कि शिविर में पंजीकृत मरीजों को सिद्धि आई केयर में एक महीने तक मुफ्त ओपीडी की सुविधा मिलेगी। साथ ही, ऑपरेशन व अन्य जांचों पर 25 से 35 प्रतिशत तक की विशेष छूट दी जाएगी।


​इनका रहा योगदान
​शिविर को सफल बनाने में सिद्धि आई केयर की टीम (पूजा शाह, पूजा चौधरी, पिंकी चौधरी) के साथ-साथ रजनीश प्रियदर्शी, उमेश सिकारिया, रमेश कुमार, नीतेश कुमार सिंह, लायंस क्लब के अध्यक्ष बिमल सर्राफ, संतोष सिंह, दिनेश प्रसाद ,दीपक कुमार गुप्ता,बबलू केशरीवाल,सन्नी पटेल और अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी रजनीश प्रियदर्शी ने सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!