
रक्सौल।(Vor desk)। भीषण शीतलहर और कड़ाके की ठंड को देखते हुए रक्सौल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने सामाजिक सरोकार के तहत मानव सेवा की पहल की है। नववर्ष और मकर संक्रांति के उपलक्ष्य में संस्था द्वारा रक्सौल रेलवे स्टेशन एवं आसपास के क्षेत्रों में खुले आसमान के नीचे रात गुजारने वाले यात्रियों और असहाय लोगों के बीच कम्बल व स्वेटर का वितरण किया गया।
प्रमुख पदाधिकारियों के नेतृत्व में हुआ वितरण
चैंबर के अध्यक्ष राकेश कुमार कुशवाहा के नेतृत्व और उपाध्यक्ष दिनेश प्रसाद के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों जरूरतमंदों को गर्म कपड़े उपलब्ध कराए गए। महासचिव शम्भु प्रसाद चौरसिया ने बताया कि संस्था व्यापारियों के हितों की रक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने में भी सदैव अग्रणी रहती है।
कुष्ठ रोगियों की भी थामी बांह
स्टेशन परिसर के बाद चैंबर के सदस्यों ने सुंदरपुर स्थित लेप्रोसी (कुष्ठ) सेंटर का दौरा किया। वहां के व्यवस्थापक को इलाजरत मरीजों के लिए दर्जनों कंबल और स्वेटर सौंपे गए। इस नेक पहल पर सेंटर के संचालक ने चैंबर के प्रति आभार व्यक्त किया।
जारी रहेगा सेवा का अभियान
वरिष्ठ उपाध्यक्ष नितिन कुमार ने कहा कि वर्तमान में चल रही भीषण शीतलहर को देखते हुए सेवा का यह क्रम आगे भी जारी रखा जाएगा। कंबल पाकर राहगीरों और असहायों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने संस्था के सदस्यों को दुआएं दीं।
मौके पर उपस्थित गणमान्य:
इस पुनीत कार्य में महासचिव सह मीडिया प्रभारी शम्भु प्रसाद चौरसिया, पूर्व महासचिव आलोक कुमार श्रीवास्तव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नितिन कुमार, कोषाध्यक्ष दिलीप कुमार शाह, सहसचिव गिरधारी लाल श्रीवास्तव, रमेश कुमार गुप्ता, परियोजना संयोजक विश्वनाथ प्रसाद, अजय कुमार, दिनेश धनोठिया, रासबिहारी चौधरी और कमलेश कुमार समेत कई सदस्य सक्रिय रहे।
