
रक्सौल/रामगढ़वा।(Vor desk)। भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय तेल माफियाओं के विरुद्ध पूर्वी चंपारण पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है, जिसकी आंच रामगढ़वा से रक्सौल तक आ पहुंची है। रामगढ़वा के मझरिया और आमोदेई में हुई सफल छापेमारी के बाद पुलिस ने रक्सौल शहर के बाईपास रोड में भी दबिश दी, जहाँ से चहारदीवारी खड़ी कर किए जा रहे काले कारनामे का भंडाफोड़ करते हुए भारी मात्रा में अवैध तेल बरामद किया गया। इस पूरे काले कारोबार में रक्सौल के वार्ड संख्या 7 के पूर्व पार्षद चीनी राम के दो पुत्रों की मुख्य भूमिका सामने आई है, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर डीएसपी मनीष आनंद के नेतृत्व में भारत-नेपाल सीमा से आने वाले तेल टैंकरों से तेल कटिंग करने वाले संगठित गिरोह का पुलिस ने शनिवार को भंडाफोड़ किया था ।जिसके बाद चौंकाउ खुलासा में पूर्व वार्ड पार्षद पुत्र की भूमिका सामने आई और उन्हें दबोच लिया गया।
पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई में रक्सौल से 9 ड्रम तेल जब्त किया गया, जबकि रामगढ़वा क्षेत्र से 48 ड्रम तेल और 23 खाली ड्रम बरामद हुए। एसडीपीओ मनीष आनंद ने बताया कि इस संगठित सिंडिकेट का मुख्य सरगना भुवन राम है, जो पूर्व पार्षद चीनी राम का पुत्र है। पुलिस ने भुवन राम के साथ उसके भाई शशि कुमार राम और तीन अन्य धंधेबाजों को भी गिरफ्तार किया है। इस गिरोह के पास से 20,300 रुपये नकद, 5 मोबाइल और 4 एटीएम कार्ड भी मिले हैं।छापेमारी में कुल9600लीटर पेट्रोल,डीजल ,स्प्रिट,ग्रीस 5 बोतल, रंगीन पदार्थ (कलरेंट) सहित अन्य केमिकल, ज्वलनशील पदार्थ, तेल चोरी में प्रयुक्त पाइप, तेल नापने की मशीन (नपना)आदि बरामद हुआ है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि इनपुट मिला था कि रामगढ़वा रक्सौल एनएच पर कुछ लोग तेल टैंकर व ट्रकों के चालकों से मिलीभगत कर पेट्रोल, डीजल एवं मोटर स्पिट की चोरी कर नकली ईंधन तैयार कर रहे हैं।सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु डीएसपी मनीष आनंद के नेतृत्व में पु.नि. अशोक कुमार पांडे, अंचल पुलिस निरीक्षक, सुगौली, पु.अ.नि. अनिल कुमार, हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान, पलनवा थानाध्यक्ष अनिल कुमार, रामगढ़वा थानाध्यक्ष राजीव कुमार, सुमित कुमार अपर थानाध्यक्ष रामगढ़वा, पु.अ.नि. अजीत कुमार, रामगढ़वा थाना, पु.अ.नि. अमरजीत कुमार, प्रभारी तकनीकी शाखा, मोतिहारी, जिला आसूचना इकाई टीम मोतिहारी व सशस्त्र बल की एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें राजपत्रित पदाधिकारी को भी शामिल किया गया।छापेमारी टीम ने त्वरित कार्यवाई करते रामगढ़वा के मंझरिया, आमोदेई तथा रक्सौल बाईपास के समीप स्थित बंद चारदीवारीनुमा तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान ड्रम (प्रत्येक लगभग 200 लीटर) में भरा पेट्रोल, डीजल एवं मोटर स्प्रिट, तेल नापने की मशीन, तेल चोरी में प्रयुक्त पाइप, कलरेंट तथा अन्य सामग्री बरामद की गई।
जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि यह गिरोह नेपाली तेल टैंकर चालकों से सांठगांठ कर तेल की चोरी (कटिंग) करता था। चोरी किए गए इस तेल में इथेनॉल नामक केमिकल मिलाकर नकली पेट्रोल और डीजल तैयार किया जाता था, जिसे ऊंचे दामों पर बाजार में खपाया जाता था। गिरफ्तार अन्य आरोपियों में रक्सौल के अहिरवा टोला वार्ड 7 के मजीद मियां हवारी का पुत्र हाकिम हवारी,अहिरवा टोला निवासी राम प्रसाद राम का पुत्र श्यामबाबू कुमार और हरनाही के झुन्ना साह का पुत्र महेश कुमार शामिल हैं।डीएसपी ने बताया कि इस संबंध में रामगढ़वा थाना में कांड संख्या 523/25 दर्ज कर जांच और अग्रतर करवाई की जा रही है।धंधे वाले स्थान के भूमि मालिक को चिन्हित किया जा रहा है ।जाँच के बाद उन लोगों के बिरुद्ध भी कार्यवाही सुनिश्चित किया जायेगा।बरामद मोबाईल की कॉल डिटेल खंगाल कर गिरोह में संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी की जायेगी।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई अभी थमी नहीं है। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सफेदपोशों और टैंकर चालकों की तलाश में जुटी है, ताकि सीमावर्ती क्षेत्र में चल रहे इस बड़े मिलावटखोर सिंडिकेट को पूरी तरह जड़ से खत्म किया जा सके।
