
रक्सौल।(Vor desk)। रक्सौल विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से शनिवार को करीब 250 करोड़ रुपये की 23 विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इस भव्य कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी थे, जिन्हें भौतिक रूप से पहुंचना था, लेकिन खराब मौसम और तकनीकी कारणों से उड़ान रद्द होने से उनका आगमन नहीं हो सका। हालांकि, उन्होंने पटना से ही वीडियो कॉल के जरिए कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और क्षेत्र के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।उन्होंने आश्वस्त किया कि जल्द ही रक्सौल एयरपोर्ट के विस्तार का शिलान्यास कर कार्य शुरू किया जाएगा ।
इसके उपरांत, कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित पश्चिम चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने रिमोट का बटन दबाकर रक्सौल और आदापुर प्रखंड की 23 महत्वपूर्ण परियोजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया।मौके पर नरकटिया के जद यू विधायक विशाल कुमार एवं चनपटिया के पूर्व विधायक उमाकांत सिंह भी मौजूद रहे।
विकास की मुख्य कड़ियां: 76 करोड़ का एसटीपी और सड़कों का जाल
रक्सौल विधायक प्रमोद सिन्हा ने योजनाओं का विवरण देते हुए बताया कि इन परियोजनाओं में सबसे महत्वपूर्ण 76 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) है। इसके साथ ही ग्रामीण कार्य विभाग (RWD) और पथ निर्माण विभाग (PWD) के माध्यम से कई प्रमुख सड़कों, पुलों और आरसीसी कल्वर्ट का निर्माण कार्य शामिल है, जो क्षेत्र में कनेक्टिविटी को और मजबूत करेंगे।
इन प्रमुख योजनाओं की रखी गई आधारशिला:
सड़कें: गहमरिया खुर्द-अनुसूचित जाति कनूनिया पथ, शीतलपुर से केनाल, लछुमनवा से अहीर टोला, नायका टोला से नाहर टोला, आदापुर थाना से नकरदेई, और बचनी पोखरा से उचीडीह रामपुर।
पुल और कल्वर्ट: रक्सौल-आदापुर गमहिरिया चौक तक आरसीसी हाई लेवल पुल, पसाह नदी पर आरसीसी पुल, लक्ष्मणवा-पिपरिया और हरपुर-नायक टोला मार्ग पर नए पुलों का निर्माण। साथ ही एनएच-28ए से हरनाही मार्ग पर कल्वर्ट का निर्माण भी सुनिश्चित किया गया है।
संपर्क पथ: टी-05 से जयमंगलापुर, सिहोरवा से चिकनी, और चैनपुर से लक्ष्मीपुर पोखरिया जैसे विभिन्न ग्रामीण इलाकों को मुख्य मार्गों से जोड़ा जाएगा।
समग्र विकास का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए क्षेत्र के कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और उन्हें सम्मानित करते हुए समग्र विकास का संकल्प जताया ।कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अशोक पांडे और संचालन अजय पटेल ने किया ।(रिपोर्ट:लव कुमार/पीके गुप्ता)
