
रक्सौल।(Vor desk)। पूर्वी चंपारण के जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. शरत चंद्र शर्मा ने गुरुवार को रक्सौल स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और अनुमंडल अस्पताल का सघन निरीक्षण किया। दोपहर में पहुंचे डॉ. शर्मा ने सबसे पहले अनुमंडल अस्पताल के लेबर रूम में प्रसव और नियमित टीकाकरण ,कोल्ड चैन स्टोर आदि का जायजा लिया। जिसके बाद पीएचसी में आयोजित समीक्षा बैठक में सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति जानी। बैठक के दौरान पल्स पोलियो अभियान में कोल्ड चेन बॉक्स के स्थान पर जुगाड़ तकनीक से वैक्सीन ले जाने की शिकायत पर वे बेहद सख्त दिखे। उन्होंने कोल्ड चेन इंचार्ज हरिनंदन से इस बाबत पूछताछ की और स्पष्ट लहजे में चेतावनी दी कि दवाओं की गुणवत्ता और सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि भविष्य में ऐसी लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध सीधी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।सभी पोलियो सुपरवाइजर एएनएम ,आशा कार्यकर्ता को हिदायत दी कि लापरवाही नहीं चलेगी।
बैठक के दौरान आगामी 18 दिसंबर से शुरू होने वाले फाइलेरिया उन्मूलन नाइट ब्लड सर्वे पर भी विस्तृत चर्चा की गई। डॉ. शर्मा ने बताया कि चिन्हित गांवों में लगभग 600 ग्रामीणों के ब्लड सैंपल लिए जाने हैं। उन्होंने अनुमंडल अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ. स्वाति सपन और लैब तकनीशियनों को निर्देशित किया कि चूंकि यह सर्वे रात में होगा और दिन में अस्पताल में मरीजों का भारी दबाव रहता है, इसलिए आपसी तालमेल बिठाकर कार्य करें ताकि अस्पताल की सेवाएं और यह विशेष अभियान दोनों प्रभावित न हों। रक्सौल में लैब तकनीशियनों की कमी के मुद्दे पर उन्होंने स्वीकार किया कि वर्तमान में संसाधनों की कमी है, लेकिन जल्द ही सरकारी स्तर पर नई बहाली से यह समस्या हल हो जाएगी। उन्होंने अनुमंडल अस्पताल और पीएचसी से जुड़े सभी डॉक्टरों-स्वास्थ्यकर्मियों को एक टीम की तरह मरीजों की सेवा करने की सलाह दी।
बैठक में मुख्य रूप से डब्लूएचओ के एसएमओ मनोज तुमराड़ा , रक्सौल पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा राजीव रंजन कुमार,अनुमंडल अस्पताल की उपाधीक्षक डा स्वाति सपन, मेडिकल ऑफिसर डा अमित कुमार जायसवाल,डेंटिस्ट डा अजय कुमार सर्जन विजय कुमार ,स्वास्थ्य प्रबंधक आशीष कुमार,यूनिसेफ के बीएमसी अनिल कुमार,डब्लू एच ओ के एफएम नूर सलाम,मूल्यांकन एवं अनुश्रवण सहायक जय प्रकाश कुमार,बीसीएम सुमित सिन्हा, एसआईसीटीसी सेंटर इंचार्ज डॉ प्रकाश मिश्रा,एलटी दीप राज देव,नवीन कुमार सहित अन्य अधिकारी स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।
