
छोड़ादानो।(Vor desk)।महुआवा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम बेखौफ़ अपराधियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया, जिसने इलाक़े की सुरक्षा-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। महुआवा चौक पर स्थित सेंट्रल बैंक के सीएसपी (CSP) केंद्र के संचालक विजय कुमार से तीन हथियारबंद, नक़ाबपोश अपराधियों ने 2 लाख 78 हज़ार 452 रुपये नक़द और चेक लूट लिए।
घटना शाम क़रीब 5 बजे हुई, जब कटनेगवा निवासी विजय कुमार अपने भाई राजन कुमार के साथ सीएसपी केंद्र बंद कर बाइक से घर जा रहे थे। बाइक पर बैठते ही केंद्र के सामने पहले से मौजूद अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और विजय कुमार की कनपटी पर पिस्तौल सटाकर लूट को अंजाम दिया।
लूटपाट के बाद अपराधी तेज़ी से बाइक पर सवार होकर पश्चिम दिशा में सैनिक रोड की ओर भाग निकले। भागने के दौरान, चंद्र मण गांव के सामने, उन्होंने सड़क पर मौजूद दो लोगों को गोली मारकर घायल कर दिया। घायलों में महुआवा थाना के लक्ष्मी चौकीदार के पुत्र रूपेश कुमार और कटगेनवा के पीडीएस डीलर शर्मा साह के पुत्र विजय कुमार शामिल हैं। दोनों घायलों को इलाज के लिए मोतिहारी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ताज़ा जानकारी के अनुसार, सीएसपी संचालक विजय कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह सनसनीखेज लूटपाट की घटना महुआवा चौक पर स्थित एएसएसबी कैंप और महुआवा थाना से महज़ कुछ ही मीटर की दूरी पर हुई, जहाँ अक्सर पुलिस बल की मौजूदगी रहती है और सुरक्षा का दावा किया जाता है। पुलिस की भारी व्यवस्था के बावजूद दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने स्थानीय लोगों और व्यवसायियों में गहरा डर और आक्रोश पैदा कर दिया है। इधर सूचना के मुताबिक,डीएसपी मनीष आनंद के नेतृत्व में पुलिस ने लूटी हुई रकम ,लुट में प्रयुक्त हथियार सहित आधा दर्जन लोगों को दबोचा है।जांच और करवाई जारी है। पूरे मामले का खुलासा पुलिस के प्रेस कांफ्रेंस के बाद होगी।
