
आदित्य बिड़ला फैशन एंड रिटेल का प्रीमियम ब्रांड भारत-नेपाल सीमा पर फैशन परिदृश्य को देगा नया आयाम, ग्राहकों में जबरदस्त उत्साह
रक्सौल ।(VOR Desk): भारत के अग्रणी प्रीमियम फॉर्मल वियर ब्रांड वैन ह्यूसेन (Van Heusen), जो आदित्य बिड़ला फैशन एंड रिटेल (ABFRL) का एक हिस्सा है, ने रक्सौल में अपना नया और शानदार स्टोर खोल दिया है। शहर के फैशन प्रेमियों के लिए यह स्टोर कस्टम हाउस के पास जालान कैंपस में स्थित है।
इस नए फैशन स्टोर का उद्घाटन बुधवार को एक भव्य समारोह के बीच क्षेत्रीय भाजपा विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा ने किया।
शहर की तरक्की का सूचक
उद्घाटन के मौके पर विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा ने अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रक्सौल जैसे शहर में वैन ह्यूसेन जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड का शोरूम खुलना तरक्की का स्पष्ट सूचक है। उन्होंने कहा, “ऐसे ब्रांड के आने से शहर की एक अलग पहचान बनेगी। यह शोरूम सफल हो और रक्सौल की नित्य तरक्की हो, मेरी यही शुभकामनाएं हैं।”

युवा पेशेवरों की उम्मीदें पूरी करेगा ब्रांड
स्टोर के उद्घाटन के अवसर पर, आदित्य बिड़ला फैशन एंड रिटेल के वैन ह्यूसेन के इंडिया हेड बीएस बनर्जी ने ब्रांड की रणनीति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “वैन ह्यूसेन ने भारत के प्रमुख शहरों और कस्बों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराते हुए एक प्रतिष्ठित फैशन ब्रांड के रूप में पहचान बनाई है। आज, वैन ह्यूसेन की लोकप्रियता बहुत अधिक है और इसे युवा पेशेवरों को सशक्त पहनावा प्रदान करने वाले ब्रांड के रूप में देखा जाता है। रक्सौल बॉर्डर पर हमारे नए ब्रांड आउटलेट से हमें काफी उम्मीदें हैं। हमें मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया से हम बेहद खुश हैं और सही पेशकश के साथ बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए आश्वस्त हैं।”

फ्रेंचाइजी शोरूम संचालक अमित जालान ने इस स्टोर को महज़ एक शॉपिंग डेस्टिनेशन नहीं, बल्कि एक लाइफस्टाइल हब बताया।
पुरुषों और महिलाओं के लिए व्यापक रेंज
इस विशाल स्टोर में पुरुषों और महिलाओं दोनों के लिए फैशन की एक विस्तृत श्रृंखला उपलब्ध है, जिसमें कॉर्पोरेट सूट से लेकर ट्रेंडी जैकेट, कैज़ुअल वर्कवियर से लेकर क्लब वियर तक और लुक को पूरा करने के लिए उपयुक्त एक्सेसरीज़ शामिल हैं। स्टोर में उपलब्ध प्रत्येक उत्पाद आधुनिक शैली के साथ-साथ कपड़े और तकनीक में अत्याधुनिक नवाचार को दर्शाता है।
उद्घाटन समारोह में अनेक गणमान्य व्यक्ति, व्यापारी और नेता उपस्थित रहे, जिनमें पूर्व मंत्री श्याम बिहारी प्रसाद, भाजपा नेता सुरेश यादव, वीरगंज उद्योग वाणिज्य संघ के अध्यक्ष हरि गौतम,ऊषा श्रीवास्तव,राज कुमार अग्रवाल, अम्बिका ठाकुर, रवि मस्करा, रवि भरतीया, रणजीत मेहता, सुमित जालान, मनोज जालान, राहुल शिकारिया और दीपक जालान आदि शामिल थे।
