
आदापुर।(Vor desk)। पुलिस ने शुक्रवार रात दो अलग-अलग ठिकानों पर सघन छापेमारी कर दो युवकों को एक पिस्तौल और एक देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार करके एक बड़ी आपराधिक वारदात को सफलतापूर्वक टालने का दावा किया है। गिरफ्तार किए गए इन युवकों के पास से दो जिंदा कारतूस, एक अपाचे मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) रक्सौल, मनीष आनंद ने बताया कि प्राथमिक पूछताछ में यह पता चला है कि ये दोनों युवक किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की साजिश का हिस्सा हो सकते थे। पुलिस अधीक्षक, मोतिहारी के निर्देश पर, रक्सौल एसडीपीओ मनीष आनंद की सीधी निगरानी में आदापुर पुलिस द्वारा यह सफल ऑपरेशन किया गया।
छापेमारी के दौरान, पुलिस ने पहले स्थानीय थाना क्षेत्र के सिरसिया कला के शेखवा टोला गांव निवासी नवरेज आलम को श्यामपुर बाजार से एक अपाचे बाइक और एक पिस्तौल के साथ धर दबोचा। नवरेज आलम से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने तुरंत थाना क्षेत्र के बैरिया गांव में छापेमारी की और शशि सिंह नामक युवक को उसके घर से देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार शशि सिंह के विरुद्ध स्थानीय थाने में पहले से ही रंगदारी और हत्याकांड जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शशि सिंह एक चर्चित ‘रिलबाज’ (Reel-maker) और डिजिटल क्रिएटर के तौर पर भी जाना जाता है।
एसडीपीओ ने आगे बताया कि दोनों युवकों से पूछताछ में मिले महत्वपूर्ण तथ्यों को अभी गुप्त रखा जा रहा है और पुलिस अन्य संभावित ठिकानों पर कार्रवाई कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि इस गिरफ्तारी से एक बड़े आपराधिक गिरोह का पर्दाफाश हो सकता है।
इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष पप्पू कुमार पासवान, एसआई नूतन कुमारी, हरेराम प्रसाद, पूजा कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, प्रवीण कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और बल शामिल थे। पुलिस की इस तत्पर कार्रवाई से क्षेत्र के असामाजिक तत्वों और अवैध धंधों में लिप्त लोगों में भय का माहौल व्याप्त है।(रिपोर्ट: एम राम)।
