
रक्सौल।(Vor desk)। रक्सौल नगर परिषद (नप) कार्यालय में कार्यवाहक सभापति पुष्पा देवी की अध्यक्षता में आयोजित सामान्य बोर्ड की बैठक में शहर के विकास और व्यवस्था को लेकर कई कड़े और महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। विधानसभा चुनाव के बाद हुई इस पहली बैठक का संचालन ईओ डॉ. मनीष कुमार ने किया, जिसमें नामित सदस्य के रूप में स्थानीय विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा भी उपस्थित रहे।
शहर की सबसे बड़ी समस्या, जाम और अतिक्रमण से निपटने के लिए एक बड़ा कदम उठाते हुए, बोर्ड ने विभागीय नियमानुसार 10 ‘नगर मित्र’ की बहाली को मंजूरी दी। ये नगर मित्र विशेष रूप से शहर में यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमणों को हटाने और व्यवस्था बनाए रखने का कार्य संभालेंगे।
वहीं, शहर की छवि बदलने के लिए साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया गया। पार्षदों के सुझावों पर सहमति जताते हुए, अब रक्सौल में दोनों समय (सुबह-शाम) सफाई कराई जाएगी। बेहतर और नियमित कूड़ा उठाव सुनिश्चित करने के लिए शीघ्र ही एक आउटसोर्सिंग एजेंसी का चयन किया जाएगा। विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा ने सभी पार्षदों और अधिकारियों को एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया और हर विकास कार्य में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. कुमार ने बताया कि राजस्व संग्रह को बढ़ाने के लिए बकाया होल्डिंग टैक्स की वसूली हेतु हर वार्ड में कैंप लगाए जाएंगे और कर वृद्धि को लेकर सर्वे कराने का भी निर्णय लिया गया है। इस दौरान पार्षद मो. अब्बास, रवि कुमार गुप्ता, धनश्याम प्रसाद गुप्ता, कुंदन सिंह, आशा देवी, रम्भा देवी, अंतिमा देवी, डिंपल चौरसिया सहित कई अन्य पार्षद और नप कर्मी मौजूद रहे, जिन्होंने सभी विकासात्मक प्रस्तावों को स्वीकृति दी।
