Saturday, March 7

रक्सौल को स्वच्छ-सुंदर बनाने की पहल: विधायक और नगर परिषद को सौंपी गई 18 सूत्रीय समस्याओं की सूची


​रक्सौल (बिहार)।(Vor desk)।: अंतरराष्ट्रीय महत्ता के शहर रक्सौल को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। नगर परिषद कार्यालय में आयोजित यह बैठक विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा की अध्यक्षता तथा कार्यवाहक सभापति पुष्पा देवी की उपस्थिति में आयोजित की गई। बैठक का संचालन नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने किया। इस दौरान, शहर के विभिन्न संघ-संस्थाओं और व्यापारी वर्ग के प्रतिनिधियों ने रक्सौल की मूलभूत समस्याओं को प्राथमिकता से इंगित करते हुए 18 बिंदुओं का एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
​रक्सौल चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के साथ-साथ लायंस क्लब ऑफ रक्सौल, राम रसोई, भारत विकास परिषद् जैसी अनन्य स्वयंसेवी संस्थाओं ने भी अपने-अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। सभी संगठनों ने सर्वसम्मति से शहर की स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं और विकास से संबंधित प्रमुख मुद्दों पर तत्काल ध्यान देने की मांग की। ज्ञापन सौंपने के बाद, विधायक श्री सिन्हा और कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. कुमार ने उचित पहल करने और समस्याओं के समाधान की दिशा में शीघ्र कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर चैंबर के संस्थापक सह संरक्षक शिव पूजन प्रसाद ,अध्यक्ष राकेश कुमार कुशवाहा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नितिन कुमार, उपाध्यक्ष दिनेश प्रसाद, चैंबर के महासचिव शम्भु प्रसाद चौरसिया,सचिव राज कुमार गुप्ता, लायंस क्लब से गणेश धनोठिया सहित भैरव प्रसाद,रमेश गुप्ता,मोहम्मद निजामुद्दीन,दिनेश धनोथीया,रजनीश प्रियदर्शी,पंकज वर्णवाल,दिनेश प्रसाद,अजय कुमार, नगरपरिषद के ब्रांड एंबेसडर डॉ. स्वयंभू शलभ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!