Saturday, March 7

रक्सौल में वीआईपी नेता कामेश्वर सहनी की निर्मम हत्या,अपराधियों ने दरवाजे पर गोलियों से भूना!

रक्सौल।(Vor desk)।​बिहार के रक्सौल अनुमंडल अंतर्गत दरपा थाना क्षेत्र के तिनकोनी गांव में शुक्रवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब स्थानीय नेता कामेश्वर सहनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई।अपराधियों ने दस राउंड फायरिंग की,पांच राउंड गोली सर, छाती पर उतार कर छलनी कर दी।
कामेश्वर सहनी विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) से जुड़े थे और छौडादानो के प्रखंड अध्यक्ष का दायित्व संभाल रहे थे।
​घर के दरवाजे पर दिया वारदात को अंजाम
​यह जघन्य घटना उनके घर के ठीक दरवाजे पर हुई। सूचना के अनुसार, हथियारबंद बदमाश दो बाइक से आए थे और वे बिना बाउंड्री वाली निजी जमीन पर लगाए गए फूल के पौधों के पीछे घात लगाकर बैठे थे। जैसे ही कामेश्वर सहनी शौच से लौटकर हैंड पंप पर हाथ मल रहे थे, अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया और गोली मारकर फरार हो गए। इस वारदात से इलाके में अचानक चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही रक्सौल एसडीपीओ मनीष आनंद के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है और जांच शुरू कर दी गई है।
डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम को भी साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया है।डीएसपी श्री आनंद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कुछ संदिग्धों की पहचान की गई है। उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

​नक्सली पृष्ठभूमि और राजनीतिक रंजिश की आशंका

​मृतक कामेश्वर सहनी की पृष्ठभूमि नक्सली बताई जाती है और उन पर कई आपराधिक मामले भी दर्ज थे। इसके बावजूद वे पार्टी की गतिविधियों में सक्रिय थे। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मृतक के रिश्तेदार राजेश कुमार ने बताया कि मेरे मामा की हत्या कर दी गई है ।घर के दरवाजे पर ही गोली चला दी और इससे पहले कि परिवार के लोग कुछ समझ पाते अपराधी हत्या कर भाग निकले।उन्होंने घटना के पीछे किसी पुराने विवाद की भूमिका होने की आशंका जताई है।
​वीआईपी पार्टी के जिला अध्यक्ष अशोक साहनी ने इस घटना की पुष्टि करते हुए इसे पार्टी के लिए बड़ा नुकसान बताया। उन्होंने कहा कि यह हत्या राजनीतिक रंजिश है या निजी विवाद, यह कहना अभी जल्दबाजी होगी। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और आरोपियों का सुराग पाने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने हत्या में दो से तीन अपराधियों के शामिल होने की आशंका जताई है।


​कानून व्यवस्था पर उठे सवाल,आंदोलन की चेतावनी

​इस बीच, पूर्व मंत्री शमीम अहमद ने बिहार सरकार की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सुशासन की सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के अगले ही दिन यह हत्या राज्य में अपराधी तंत्र के बढ़ते मनोबल की पोल खोल रही है।चुनावी रंजिश में हत्या का खेल शुरू हो गया है।यह हत्या सत्ता संरक्षित अपराधियों के द्वारा हुई है । इसकी उच्चस्तरीय जांच और अपराधियों की गिरफ्तारी होनी चाहिए,अन्यथा जनांदोलन होगा।राजद नेता सह रक्सौल विधान सभा के पूर्व प्रत्याशी राम बाबू यादव ने भी इस हत्या की घटना की कड़ी निंदा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!