Saturday, March 7

हरैया पुलिस की बड़ी कामयाबी: ₹1.5 करोड़ का गांजा जब्त, नेपाल के दो तस्कर गिरफ्तार


रक्सौल।(Vor desk)।पूर्वी चंपारण जिला के सीमावर्ती रक्सौल अंतर्गत हरैया पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आज एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गहन जाँच के दौरान एक ट्रक से 444.166 किलोग्राम गांजे की विशाल खेप बरामद की है। इस जब्त किए गए गांजे का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग एक करोड़ पचास लाख रुपये बताया जा रहा है।
इस कार्रवाई के दौरान, पुलिस टीम ने मौके से ट्रक के चालक और उपचालक दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनवत राउत कुर्मी (66 वर्ष) और सिकंदर राउत (56 वर्ष) के रूप में हुई है, ये दोनों नेपाल के परसा जिला के पोखरिया थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान ने पुष्टि की कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए, पुलिस ने ट्रक को रोका और गांजे की बड़ी खेप को जब्त कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आगे की पूछताछ जारी है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क की जड़ तक पहुँचने की कोशिश कर रही है, यह पता लगाया जा रहा है कि यह खेप कहाँ से लाई गई थी और इसे किस बड़े सिंडिकेट को सप्लाई किया जाना था। अधिकारियों ने बताया कि इस गिरफ्तारी के बाद अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश तेज कर दी गई है।(रिपोर्ट:श्रेयांश कुमार बिट्टू)।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!