
रक्सौल।(Vor desk)।पूर्वी चंपारण पुलिस ने सीमावर्ती क्षेत्रों में नशे के अवैध कारोबार पर अपनी कार्रवाई तेज कर दी है।इसी बीच विशेष अभियान के तहत हरैया थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है।
गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए, हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान के नेतृत्व में गठित एक विशेष टीम ने आईसीपी बाईपास रोड पर सघन जांच अभियान चलाया।
बाइक सवार तस्करों से भारी मात्रा में चरस बरामद
जांच के दौरान, नेपाल की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल को रोका गया। तलाशी लेने पर, बाइक पर सवार दोनों व्यक्तियों के पास से कुल 745 ग्राम चरस बरामद की गई, जिसे पुलिस ने तत्काल जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रक्सौल निवासी सुरेंद्र दास (तुमटिया टोला) और विशाल कुमार (बड़ा परेउवा) के रूप में हुई है।
सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार जारी रहेगी कार्रवाई
थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान ने बताया कि दोनों गिरफ्तार तस्करों पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उन्हें जेल भेजा जा रहा है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सीमावर्ती इलाके में मादक पदार्थों की तस्करी पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। हाल के दिनों में कई तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि कई आरोपी पुलिस के डर से इलाका छोड़कर भाग गए हैं। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।
