Saturday, March 7

रक्सौल में लोकतंत्र का उत्सव: बिहार विधान सभा चुनाव 73.88% वोटिंग के साथ मतदान संपन्न!


रक्सौल।(Vor desk)।बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में, रक्सौल सीट पर मंगलवार को मतदान का पर्व उत्साहपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में पूरा हुआ। मतदाताओं ने जबरदस्त जोश दिखाते हुए लोकतंत्र में अपनी गहरी आस्था व्यक्त की, जिसके परिणामस्वरूप इस महत्वपूर्ण सीट पर 73.88 प्रतिशत का शानदार मतदान दर्ज किया गया।
चुनाव आयोग द्वारा किए गए अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजामों ने सुनिश्चित किया कि हर नागरिक बिना किसी डर के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लगी लंबी कतारें रक्सौल के लोगों के चुनावी उत्साह की कहानी कह रही थीं।

सीमा पर चहल-पहल लौटी, हाई अलर्ट बरकरार

मतदान प्रक्रिया की समाप्ति के तुरंत बाद, तीन दिनों की पूर्ण बंदी के बाद भारत-नेपाल सीमा पर आवागमन फिर से बहाल हो गया है। रक्सौल स्थित भारत-नेपाल मैत्री पुल पर एक बार फिर चहल-पहल लौट आई है। हालांकि, दिल्ली में हुए विस्फोट कांड के मद्देनजर सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों द्वारा हाई अलर्ट बनाए रखा गया है।एसएसबी के जवान नेपाल से आने वाले हर व्यक्ति की सघन जांच कर रहे हैं।भारतीय सीमा में प्रवेश के लिए अब वोटर आईडी या आधार कार्ड दिखाना अनिवार्य कर दिया गया है।
प्रशासन के मुताबिक, मतदान के दौरान सीमा सील करने का उद्देश्य किसी भी बाहरी या अवैध हस्तक्षेप को रोकना था, और अब यह कार्य शांतिपूर्ण ढंग से पूरा हो चुका है।


अब सबकी निगाहें 4 उम्मीदवारों पर

भाजपा के प्रमोद कुमार सिन्हा, कांग्रेस के श्याम बिहारी प्रसाद, जन सुराज पार्टी के कपिलदेव प्रसाद उर्फ भुवन पटेल , और निर्दलीय धुरेंद्र कुमार व मो. कलीम की किस्मत ईवीएम में लॉक हो चुका है।यहां भाजपा और कांग्रेस की आमने सामने की टक्कर रही,जन सुराज भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराने में सफल रही।जन सुराज का वोट परिणाम में उल्ट पलट ला सकता है।हालाकि,भाजपा जीत का दावा कर रही है और कांग्रेस अपने को आगे मान रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!