
रक्सौल ।(Vor desk)।पूर्वी चंपारण जिले के 12 विधानसभा क्षेत्र में दूसरे चरण में होनेवाले चुनाव के लिए प्रचार बंद हो गया है। रक्सौल अनुमंडल से जुड़े रक्सौल,सुगौली और नरकटिया विधान सभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के अंतिम दिन काफी गहमा गहमी रही।सभी मुख्य गठबंधनों और प्रत्याशियों के द्वारा रैली और रोड शो के जरिए शक्ति परीक्षण किया गया।गहमा गहमी और कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव प्रचार समाप्त हो गया।इसके बाद प्रत्याशियों की धड़कने बढ़ गई है।यहां 11नवंबर को चुनाव होने हैं। रक्सौल और नरकटिया से होने वाले चुनाव में दो पूर्व मंत्रियों की साख दांव पर है।बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद डा संजय जायसवाल के लिए भी ये तीनो सीट महत्वपूर्ण है,जो चुनौतीपूर्ण है।
इधरसभी प्रत्याशी मतदाताओं के मन में उतरने के लिए लगातार प्रचार-प्रसार में जुटे हैं।
शमीम के सामने हर बार नया चेहरा
नरकटिया विधानसभा क्षेत्र पश्चिम चंपारण लोकसभा के अंतर्गत आता है। यहां बिहार सरकार में विधि मंत्री रह चुके शमीम अहमद लगातार तीसरी जीत के साथ हैट्रिक लगाने के लिए चुनाव मैदान में है।
शमीम ने राजद प्रत्याशी के रूप में वर्ष 2015 व 2020 में जीत दर्ज की। इस बीच वे बिहार सरकार में विधि और गन्ना मंत्री बने थे। पार्टी ने इस बार भी शमीम अहमद पर भरोसा जताते हुए यहां से प्रत्याशी बनाया है।
शमीम ने वर्ष 2015 में रालोसपा के संत सिंह कुशवाहा तो 2020 में जदयू के श्याम बिहारी प्रसाद को पराजित किया है। इस बार उनका मुकाबला जदयू के विशाल कुमार से है। वहीं जसुपा के टिकट पर मैदान में उतरे लालबाबू प्रसाद लड़ाई को त्रिकोण बनाने में लगे है।
रक्सौल के त्रिकोणीय मुकाबले में पूर्व मंत्री की साख
भारत-नेपाल सीमा पर स्थित पूर्वी चंपारण जिले का रक्सौल विधानसभा क्षेत्र पश्चिम चंपारण लोकसभा का हिस्सा है। यहां से भाजपा ने दूसरी बार प्रमोद कुमार सिन्हा पर भरोसा जताया है। वहीं महागठबंधन समर्थित कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में जदयू के बागी पूर्व मंत्री श्याम बिहारी प्रसाद मैदान में है।
वे तब के आदापुर विधानसभा से जीत दर्ज करने के साथ सरकार में मंत्री बने थे। अब आदापुर रक्सौल विधानसभा में आ गया है। श्याम बिहारी प्रसाद ने नए परिसीमन में बने नरकटिया विधानसभा का भी प्रतिनिधित्व किया है।
रक्सौल हर बार आमने-सामने की लड़ाई होती आई है, लेकिन इस बार जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद उर्फ भूवन पटेल के जन सुराज पार्टी के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरने से लड़ाई त्रिकोणीय बनाने में लगे है।
सुगौली में लोजपा प्रत्याशी पूर्व एमएलसी बबलू गुप्ता को कड़ी टक्कर
सुगौली विधान सभा चुनाव इस बार हलचलों से लबरेज है।
सुगौली से भाजपा के पूर्व एमएलसी राजेश कुमार उर्फ बबलू गुप्ता लोजपा आर के टिकट पर चुनाव मैदान में ताल ठोक रहे।
वहीं,मैदान में जन शक्ति जनता दल के श्याम किशोर चौधरी,
जन सुराज के अजय झा,अजय ,बसपा के जुल्फिकार आफताब टक्कर दे रहे हैं।महागठबंधन उम्मीदवार के रूप में शशिभूषण सिंह के नॉमिनेशन रद्द होने से वोटो के बिखराव का फायदा बबलू गुप्ता को मिल सकता है।
