Saturday, March 7

चुनाव के समय रक्सौल में बाबा साहब डा.अंबेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़ ,आक्रोशित लोगों ने आंदोलन की चेतावनी दी!

रक्सौल।(Vor desk)। विधानसभा चुनाव के माहौल के बीच रक्सौल के कोईरियाटोला स्थित अंबेडकर चौक पर संविधान निर्माता बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने और उससे छेड़छाड़ किए जाने का मामला गरमा गया है। चुनाव के संवेदनशील दौर में इस तरह की हरकत को राजनीतिक साजिश के रूप में देखा जा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश और तनाव फैल गया है। स्थानीय लोग इस घटना को अंजाम देने वाले असामाजिक तत्वों को तुरंत चिन्हित कर उन पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं।
मामले की गंभीरता को समझते हुए अंबेडकर ज्ञान मंच ने शनिवार को रक्सौल प्रशासन को इसकी शिकायत की है। संस्था के अध्यक्ष रविन्द्र कुमार राम ने प्रशासन से अविलंब जांच शुरू करने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि यह स्मारक स्थल लंबे समय से उपेक्षित है और सैनिक सड़क के निर्माण के चलते विपरीत स्थिति से गुजर रहा है। उन्होंने प्रशासन के पुराने प्रस्ताव को दोहराते हुए कहा कि नहर चौक पर गोलंबर बनाकर एक बड़ी प्रतिमा स्थापित की जानी चाहिए। इससे पहले भी ‘अंबेडकर चौक’ के बोर्ड को बदलकर ‘अंबेडकर नहर चौक’ लिखने जैसी छेड़छाड़ की घटना हो चुकी है।

स्थानीय लोगों में गुस्सा इसलिए भी दिख रहा है कि राजनीतिक पार्टियां और विभिन्न दलों के बड़े बड़े नेता बाबा साहब का नाम ले कर अपनी सियासत चमकाते हैं,बावजूद रक्सौल में वर्षो यह अंबेडकर प्रतिमा और स्थल उपेक्षित और बदहाल है।यहां अंबेडकर पुस्तकालय भी था,जिसे तोड़ कर हटा दिया गया।इस बार प्रतिमा के साथ स्मारक को भी निशाना बनाया गया है,रेलिंग को भी क्षति पहुंचाई गई है।वहां अतिक्रमणकारियों का कब्जा भी बढ़ गया है।

स्थानीय वार्ड पार्षद डिंपल चौरसिया ने भी आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा है कि यदि जल्द से जल्द जांच पूरी कर कार्रवाई नहीं की गई, तो जनता शीघ्र ही सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। इस बीच, प्रशासनिक गंभीरता दिखाते हुए एसडीओ मनीष कुमार ने एसडीपीओ और थानाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से पूरे मामले की जांच करने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ प्रतिमा को ठीक कराने का निर्देश जारी कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!