
सुगौली।(Vor desk)।लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के मुखिया चिराग पासवान ने पूर्वी चंपारण के सुगौली में एनडीए के लिए जोरदार चुनावी हुंकार भरी है। मोतिहारी के रघुनाथपुर खेल मैदान में एनडीए प्रत्याशी राजेश कुमार उर्फ बबलू गुप्ता के समर्थन में जुटी विशाल भीड़ को संबोधित करते हुए चिराग ने ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ के अपने संकल्प को दोहराया।

चिराग पासवान ने आत्मविश्वास से भरा दावा किया कि पहले चरण के मतदान के रुझान यह स्पष्ट कर रहे हैं कि 14 नवंबर के बाद बिहार में एनडीए की पूर्ण बहुमत की सरकार बनना तय है। उन्होंने सुगौली के मतदाताओं से अपील की कि वे बबलू गुप्ता को भारी मतों से जिताएं, क्योंकि वह केवल विधायक नहीं बनेंगे, बल्कि एनडीए सरकार का अभिन्न हिस्सा होंगे। पासवान ने स्पष्ट किया कि गुप्ता, विधायक बनने के बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ मिलकर सुगौली क्षेत्र के विकास की गति को तेज करेंगे।
राज्य के विकास के एजेंडे पर ज़ोर देते हुए उन्होंने कहा, “बिहार और बिहारियों को ‘फास्ट’ बनाना हमारा लक्ष्य है।” उन्होंने युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की अपनी योजना का खाका भी खींचा, जिसमें सरकार की ₹10,000 की शुरुआती सहायता को उद्यमिता की दिशा में पहला कदम बताते हुए, आगे चलकर ₹2 लाख तक की आर्थिक मदद देने का वादा किया गया।

विपक्ष के ‘एमवाई समीकरण’ पर निशाना साधते हुए, चिराग पासवान ने उन पर जनता के बजाय केवल अपने परिवार की चिंता करने का आरोप लगाया। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे जाति, धर्म या मजहब की बेड़ियों से ऊपर उठकर केवल बिहार के उज्जवल भविष्य के लिए मतदान करें। सभा का समापन एनडीए प्रत्याशी बबलू गुप्ता की विजय का संकल्प लेकर और उन्हें माला पहनाकर किया गया।
