Saturday, March 7

‘जो राम का है, वही हमारे काम का’ — यूपी के सीएम योगी का आदापुर में हुंकार: खानदानी लुटेरों से बिहार को बचाना है, लखपति दीदी बनाना है!


आदापुर।(पूर्वी चंपारण)।(Vor desk)।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्वी चंपारण के आदापुर में एक बड़ी चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष, विशेषकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस गठबंधन पर तीखा और व्यापक प्रहार किया। उन्होंने एक ओर विपक्ष को ‘खानदानी लुटेरों’ और माफियाओं का संरक्षक बताया, तो दूसरी ओर डबल इंजन की एनडीए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और महिलाओं तथा युवाओं के लिए बड़े वादे किए।
लालटेन नहीं, डकैती का सर्टिफिकेट और जमीन हड़पने वाले
मुख्यमंत्री ने राजद के शासनकाल को ‘जंगल राज’ बताते हुए आरोप लगाया कि हत्या और लूट की सबसे अधिक घटनाएं उनके शासनकाल (1990 से 2005) में हुईं। उन्होंने भाषण की शुरुआत सियावर रामचंद्र भगवान की जय ,माता जानकी की जय ,भगवान वाल्मीकि की जय,भारत माता की जय ,हर हर महादेव,वंदे मातरम आदि के साथ किया और तल्ख स्वर में कहा कि जिन्होंने रामरथ को रोका और रामसेवकों पर गोलियां चलाईं, वे आज राम की चर्चा कर रहे हैं।उन्होंने अपनी सरकार के संकल्प को दोहराया कि ‘ लाठी गोली खाएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे ‘इस संकल्प को पूरा करते हुए अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बनाया गया है, और अब मां जानकी के मंदिर का निर्माण भी जारी है।

योगी आदित्यनाथ ने राजद के चुनाव चिन्ह ‘लालटेन’ को सीधे तौर पर डकैती का सर्टिफिकेट बताते हुए कटाक्ष किया कि वे नौकरी क्या देंगे, जिन्होंने गरीबों की जमीन हड़प ली है और पशुओं का चारा तक खा लिया था। उन्होंने जनता को महागठबंधन के झूठ और फरेब में न पड़ने की चेतावनी दी।

उन्होंने कांग्रेस पर भी तीखा प्रहार करते हुए कहा कि बिहार की इस भूमि से जेपी के नेतृत्व में लोक तंत्र के हमले के खिलाफ युवा आंदोलन खड़ा हुआ और तानाशाही सत्ता को उखाड़ फेंका था।


माफियाओं का अंत और गरीबों को न्याय


योगी आदित्यनाथ ने माफियाओं को सख्त संदेश देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में गरीबों की जमीन कब्जा करने वाले माफिया और बेटियों की सुरक्षा से खेलने वाले माफियाओं के लिए जहन्नुम के यमराज के घर जाना तय है। उन्होंने दावा किया कि यूपी में अवैध तरीके से अर्जित माफियाओं की जमीन पर सरकार कब्जा करके गरीबों के लिए हवेली बना रही है और बिहार में भी यह काम शुरू होगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसे खानदानी लुटेरों और माफियाओं को कोई संरक्षण या समर्थन नहीं देना है।

लखपति दीदी और एक करोड़ रोजगार का संकल्प


डबल इंजन की एनडीए सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एनडीए ने राजद-कांग्रेस की दलाली बंद कर सीधे माताओं-बहनों के खाते में पैसे भेजे हैं। उन्होंने दावा किया कि 1 करोड़ 41 लाख माताओं-बहनों के खाते में प्रति खाता 10 हजार रुपए आ गए हैं, और यह तो केवल शुरुआत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 14 नवंबर को एनडीए सरकार बनने पर माताओं-बहनों को और सम्मान मिलेगा, उन्हें ‘लखपति दीदी’ बनाने का काम जारी रहेगा और बिहार के नौजवानों को एक करोड़ रोजगार मिलेगा।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में एक तरफ नौजवानों को रोजगार मिल रहा है, तो दूसरी तरफ माताओं-बहनों को सुरक्षा, सम्मान के साथ लखपति दीदी बनाने का काम जारी है।


जो राम का है, वही हमारे काम का है


संबोधन के अंत में, योगी आदित्यनाथ ने जनता से एक ही संकल्प लेने का आह्वान किया: जो राम का है, वही हमारे काम का है, जो राम का नहीं है, हमारे किसी काम का नहीं है। उन्होंने बिहार के विकास और सुरक्षा के लिए रक्सौल से भाजपा प्रत्याशी प्रमोद कुमार सिन्हा और नरकटिया विधान सभा से जद यू प्रत्याशी विशाल कुमार को विजयी बनाने की अपील की।

मौके पर पश्चिम चंपारण के सांसद डा संजय जायसवाल ,यूपी के एमएलसी सह भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष प्रियांशु धर द्विवेदी सहित एनडीए नेताओं ने संबोधन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!