
रक्सौल।(Vor desk)। भारत नेपाल सीमावर्ती आदापुर थाना क्षेत्र में पुलिस और सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (सीएपीएफ) की संयुक्त कार्रवाई में गांजा तस्करी के एक बड़े प्रयास को सफलतापूर्वक विफल कर दिया गया। इस दौरान, सुरक्षाकर्मियों ने नेपाल से भारत की ओर गांजा ला रहे एक तस्कर को गिरफ्तार किया, जिसकी पहचान नेपाल के कलैया पिपरपति वार्ड7 निवासी नबाब साहनी के पुत्र गजेंद्र सहनी (34)के रूप में हुई है। रक्सौल एसडीपीओ मनीष आनंद ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें नेपाल से भारतीय सीमा में मादक पदार्थ की एक खेप आने की गुप्त सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर, पुलिस और सीएपीएफ की एक संयुक्त टीम ने थानाध्यक्ष पप्पू कुमार पासवान के नेतृत्व में भारत-नेपाल सीमा पर गश्त और जांच अभियान तेज कर दिया। गश्त के दौरान, नेपाल की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आ रहे गजेंद्र सहनी को सुरक्षाकर्मियों ने रोका और उसकी तलाशी ली, जिसके झोले से कुल 2 किलो 346 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसकी मोटरसाइकिल तथा जब्त किया गया गांजा भी जब्त कर लिया। पूछताछ में, गजेंद्र सहनी ने यह स्वीकार किया कि वह यह गांजा नेपाल से लाकर भारतीय सीमा क्षेत्र में सप्लाई करने वाला था। पुलिस ने सभी आवश्यक कानूनी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। एसडीपीओ मनीष आनंद ने स्पष्ट किया कि सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य ऐसे तस्करों की पहचान कर उन्हें कानून के दायरे में लाना और सीमा पार से होने वाली अवैध गतिविधियों पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाना है।
