
रक्सौल।(Vor desk)। रक्सौल का आईसीपी बाईपास रोड एक बार फिर भीषण सड़क दुर्घटना का गवाह बना, जो इस मार्ग पर बढ़ते हादसों के खतरनाक क्रम को दर्शाता है। विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही एक फरार ट्रक ने रिफाइन लदी ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे रिफाइन ट्रक संख्या यूपी 61-11185का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में रिफाइन ट्रक के चालक, उत्तर प्रदेश के गाजीपुर निवासी विश्राम सिंह को कोई गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन उनके सह-चालक को मामूली चोटें लगी हैं। विश्राम सिंह ने बताया कि यदि उन्होंने समय रहते स्टीयरिंग नहीं घुमाया होता, तो यह दुर्घटना और भी भयानक हो सकती थी। टक्कर मारने वाली ट्रक बिना रुके मौके से फरार हो गई।हालाकि,यह दुर्घटना बकरियों को बचाने के चक्कर में हुई।
यह दुर्घटना ऐसे समय में हुई है जब आइसीपी बाईपास रोड पर लगातार और बार-बार हादसे हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार, बीते कुछ समय में इस सड़क पर हुई दुर्घटनाओं में कई लोगों की जान गई है और कई लोग घायल हुए हैं। उदाहरण के लिए, घने कोहरे के कारण पूर्व में भी एक तेल टैंकर ने दुर्घटनाग्रस्त खड़े ट्रक को टक्कर मार दी थी, जिससे लगभग 4000 लीटर पेट्रोल का रिसाव हुआ था।एक ट्रक की ठोकर से कार चालक अनूप सिंह की मौत हो गई थी।इसके अलावा, अज्ञात वाहनों की चपेट में आने से लोगों की मौत और ट्रैक्टर-स्कॉर्पियो की टक्कर में मजदूर की मौत जैसी कई दुखद खबरें भी इस बाईपास से जुड़ी रही हैं। इस रोड पर हुई ये दुर्घटनाएं स्पष्ट रूप से सड़क सुरक्षा के गंभीर उल्लंघन और ड्राइवरों की अत्यधिक लापरवाही को उजागर करती हैं।ट्रैफिक प्रबंध के नहीं होने से भी दुर्घटनाएं थम नहीं रही।
वैसे वर्तमान हादसे की सूचना मिलते ही हरैया पुलिस थाना के थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार हुई ट्रक की तलाश कर रही है और घटनास्थल पर सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के कारण, पुलिस ने सड़क पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और भविष्य के हादसों को रोकने के लिए सुरक्षा इंतजाम बढ़ा दिए हैं, ताकि इस अति व्यस्त मार्ग पर आवागमन सुरक्षित हो सके।
