
अजय उपाध्याय ने किया ऐलान -महा गठबंधन की सरकार बनी तो रक्सौल बनेगा जिला
रक्सौल।(Vor desk)।कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अजय उपाध्याय ने रविवार को रक्सौल में एक प्रेस वार्ता आयोजित कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि नीतीश कुमार का चेहरा दिखा कर वोट बटोरने की साजिश हो रही है।भाजपा को नीतीश कुमार के सेहत की चिंता नहीं है,बल्कि,उनके चेहरे को आगे रख कर अति पिछड़ों के 36 प्रतिशत वोट बटोरना ही असली मंशा है।उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री का नकली चेहरा हैं,असली चेहरा को छुपा कर रखा गया है।असली चेहरे तो गिरिराज सिंह, ललन सिंह , संजय झा सरीखे लोग हैं,जो भाजपा के इशारे पर खेल रहे हैं।यही कारण था कि जब महागठबंधन ने अति पिछड़े के एक बेटे को उप मुख्यमंत्री बनाने की घोषणा की,तो भाजपा वालों के पेट में दर्द होने लगा।उन्होंने कहा कि माल महाराज के मिर्जा खेले होली..?ऐसा नहीं चलेगा।बिहार की जनता यह समझ रही है और इनके झांसे में नहीं आने वाली।
उन्होंने कहा की नीतीश कुमार बिहार के फेस रहे हैं।यह अलग बात है की 14नवंबर के बाद वह मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे।आज हमारे बुजुर्ग मुख्यमंत्री की तबीयत ठीक नहीं है।हमारी ईश्वर से प्रार्थना है कि उनकी तबियत ठीक हो।हम आर एस एस और भाजपा वाले नहीं हैं,जो इस्तेमाल करें और फेंक दें।हमारी परम्परा है कि बुजुर्गों को सम्मान दें।उन्होंने अच्छा काम किया है। हम मुख्यमंत्री के रूप में उनका सम्मान करते हैं।
उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय शहर रक्सौल की दुर्दशा को ले कर आरोप लगाया कि पिछले 25 वर्षों से रक्सौल में भाजपा का विधायक होने के बावजूद इस अंतरराष्ट्रीय महत्व के व्यापारिक और रणनीतिक शहर में विकास कार्य पूरी तरह से ठप्प रहे हैं। डॉ. उपाध्याय ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर स्थित रक्सौल आज भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, और पर्याप्त ट्रेन सेवाओं जैसी मूलभूत आवश्यकताओं से वंचित है।
डॉ. उपाध्याय ने तर्क दिया कि जनसंख्या, भौगोलिक क्षेत्र और आर्थिक महत्व को देखते हुए रक्सौल को बहुत पहले ही जिला का दर्जा मिल जाना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। उन्होंने स्पष्ट घोषणा की कि यदि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनती है, तो रक्सौल को जिला का दर्जा दिलाना उनकी शीर्ष प्राथमिकता होगी।
युवाओं के मुद्दे पर बिहार सरकार को घेरते हुए कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि जब युवा अपने अधिकारों की मांग करते हैं, तो सरकार उन्हें लाठीचार्ज करवाकर चुप कराती है। उन्होंने बेरोजगारी की समस्या पर बल देते हुए कहा कि राज्य में उद्योग-धंधे न होने के कारण बिहार के युवा रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन करने को मजबूर हैं। उन्होंने युवाओं से वादा किया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर रोजगार मुहैया कराना उनका सबसे पहला काम होगा।
चुनावी रणनीति पर सवाल उठाते हुए प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही सरकार महिलाओं के खातों में पैसे भेजकर वोट हासिल करने की कोशिश कर रही है, जबकि बिहार की जनता को कुछ रुपये नहीं, बल्कि स्थायी और सम्मानजनक रोजगार चाहिए। अंत में, डॉ. उपाध्याय ने विश्वास जताया कि इस बार के चुनाव में रक्सौल विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस भारी मतों से जीत दर्ज करेगी और इस तरह पिछले 25 वर्षों का “वनवास” समाप्त होगा।
मौके पर कांग्रेस पर्यवेक्षक दयानन्द सिंह,आदापुर के उप प्रमुख मोहम्मद असलम ,कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मनोरंजन तिवारी, नुरुल्लाह खान, विपिन बिहारी शुक्ला, पूर्व मुखिया बच्चा गीरी, राजकुमार सिंह, कपिल देव यादव, सहित अन्य मौजूद थे।
