Saturday, March 7

छठ महापर्व के लिए रक्सौल के 20 घाट सज धज कर तैयार,प्रशासन पर्व को सफल और सुरक्षित बनाने में जुटी;

रक्सौल।(Vor desk)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारी भारत-नेपाल सीमा पर स्थित रक्सौल शहर में जोर-शोर से चल रही है। नगर परिषद यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि इस साल श्रद्धालु पूरी सुविधा और सुरक्षा के साथ सूर्य देव को अर्घ्य दे सकें। शहर के प्रमुख स्थानों—आश्रम रोड, बाबा मठिया, त्रिलोकीनाथ, चेक पोस्ट  कौड़ीहार चौक , तुमरिया टोला स्थित बुलावा ब्रह्म बाबा ,सूर्य मंदिर,सहित कुल 20 घाटों पर कार्तिक छठ पूजा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

घाटों पर साफ-सफाई का कार्य पूरा हो चुका है, जिसके बाद अब भव्य पंडाल लगाने और आकर्षक सजावट का काम अंतिम दौर में है। कार्यवाहक सभापति पुष्पा देवी के स्पष्ट निर्देश पर सभी महत्वपूर्ण घाटों को विशेष सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। छठ व्रतियों के लिए यहाँ बिजली बत्ती, स्नान घर, कपड़े बदलने के लिए अलग चेंजिंग रूम, शौचालय ,पेय जल और सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गई है।

नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि घाटों के साथ-साथ शहर की मुख्य सड़कों पर भी रोशनी और सजावट की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तीन मोबाइल टॉयलेट मंगाए गए हैं, जिन्हें आश्रम रोड सहित अन्य व्यस्त घाटों पर लगाया जाएगा। इसके अलावा, पेय जल (पीने का पानी) और स्वास्थ्य संबंधी आपातकालीन जरूरतों के लिए हेल्थ कैंप सहित अन्य ज़रूरी सुविधाओं की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। रक्सौल नगर परिषद पूरी प्रतिबद्धता के साथ महापर्व को सफल और सुरक्षित बनाने की दिशा में काम कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!