
रक्सौल, पूर्वी चंपारण।(Vor desk)। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए रक्सौल विधानसभा क्षेत्र में प्रचार और जनसंपर्क अभियान अब अपने चरम पर पहुँच चुका है। छठ के खरना पूजा के शुभ अवसर पर, रविवार को रक्सौल शहर का मेन रोड अचानक चुनावी अखाड़े में तब्दील हो गया, जहाँ एनडीए और इंडिया गठबंधन (महागठबंधन) दोनों ने एक साथ अपने-अपने चुनाव कार्यालयों का विधिवत उद्घाटन कर चुनावी जंग का शंखनाद कर दिया है।
यह मुकाबला इसलिए भी दिलचस्प हो गया है क्योंकि भाजपा के सीटिंग विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा को एनडीए ने एक बार फिर अपना प्रत्याशी बनाया है, जबकि उनके ठीक सामने महागठबंधन की ओर से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में पूर्व मंत्री श्याम बिहारी प्रसाद मैदान में हैं, जो हाल ही में जनता दल (यू) छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए हैं। दोनों प्रमुख पहलवानों ने अपने-अपने चुनावी कार्यालय मेन रोड पर आजू-बाजू में खोलकर यह स्पष्ट संकेत दे दिया है कि यह लड़ाई ‘हम किसी से कम नहीं’ की खुली चुनौती के साथ, आमने-सामने की होगी।


कार्यालय उद्घाटन के दौरान दोनों गठबंधनों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। एनडीए की ओर से केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान और पश्चिमी चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल की उपस्थिति ने कार्यकर्ताओं में नया जोश भर दिया, वहीं केंद्रीय मंत्री की बैठकों ने सियासी गलियारों में खूब चर्चा बटोरी।


दूसरी ओर, महागठबंधन के उम्मीदवार श्याम बिहारी प्रसाद के कार्यालय शुभारंभ के मौके पर कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार शुक्ल सहित राजद और कांग्रेस के दर्जनों वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कांग्रेस प्रत्याशी के साथ उमड़े समर्थकों के हुजूम ने रक्सौल में चुनावी सरगर्मी को अचानक कई गुना बढ़ा दिया है। कार्यालय उद्घाटन के बाद दोनों प्रत्याशियों ने अपने-अपने समर्थकों के साथ सघन जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है और जनता-जनार्दन से अपने लिए आशीर्वाद मांगा है।
