
रक्सौल (पूर्वी चंपारण)।(Vor desk)। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान (11 नवंबर) की तारीख नजदीक आने के साथ ही रक्सौल विधानसभा क्षेत्र में चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रतिनियुक्त सामान्य प्रेक्षक मयंक अग्रवाल ने 10-रक्सौल विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का दौरा कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
प्रेक्षक श्री अग्रवाल ने सबसे पहले एसएसबी कैंप एयरपोर्ट ग्राउंड रक्सौल में बनाए गए डिस्पैच सेंटर का भौतिक रूप से निरीक्षण किया। यहां उन्होंने मतदान कर्मियों और सामग्री के वितरण और वापसी से संबंधित सभी तैयारियों की जानकारी ली, ताकि 11 नवंबर को होने वाले मतदान दिवस पर प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
डिस्पैच सेंटर का जायजा लेने के बाद प्रेक्षक महोदय ने रक्सौल विधानसभा क्षेत्र के कई संवेदनशील मतदान केंद्रों का भ्रमण किया। उन्होंने जमीनी हकीकत को जानने के लिए मतदाताओं से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उनसे मतदान प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उनकी राय और फीडबैक प्राप्त की। इसके अतिरिक्त, उन्होंने सीमावर्ती और संवेदनशील इलाकों में स्थापित स्टैटिक सर्विलांस चेक पोस्ट (SSCP) का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चुनाव आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए तैनात कर्मियों से सभी जरूरी जानकारियां लीं।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान रक्सौल के निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार भी प्रेक्षक के साथ उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि 11 नवंबर को होने वाले मतदान को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए निर्वाचन आयोग और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।प्रेक्षक ने शिकायतों के लिए अपना नंबर 9031632705जारी किया है।
