Saturday, March 7

रक्सौल के दो स्टूडेंट्स ने रचा इतिहास: ऋषि राज ने जीता गोल्ड, सालिका शामया ने सिल्वर मेडल


मोतिहारी/रक्सौल।(Vor desk)। जिला स्तरीय वार्षिक विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2025-2026 के अंतर्गत खेल भवन मोतिहारी में आयोजित ताईक्वाण्डो प्रतियोगिता में रक्सौल के शांतिनिकेतन आदर्श विद्यालय (SAV) के दो युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रक्सौल का नाम रौशन किया है।
विद्यालय की सातवीं कक्षा में पढ़ने वाले 14 वर्षीय छात्र ऋषि राज ने बालक वर्ग अंडर-17 में अपने अद्भुत खेल कौशल का प्रदर्शन किया और गोल्ड मेडल जीतकर प्रथम स्थान हासिल किया। ऋषि राज (पिता श्याम बाबू प्रसाद, माता कविता देवी) वार्ड नं 15, मौजे माईस्थान, रक्सौल के निवासी हैं।
वहीं, आठवीं कक्षा में अध्ययनरत 14 वर्षीय छात्रा सालिका शामया ने बालिका वर्ग अंडर-14 में ताईक्वाण्डो रिंग में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए निर्णायक मुकाबले में सफलता पाई और सिल्वर मेडल (रजत पदक) अपने नाम किया। सालिका शामया (पिता साईदुल्लाह खान, माता कांजी फातिमा) वार्ड नं 09, आश्रम रोड, रक्सौल की रहने वाली हैं।
SAV विद्यालय के इन दोनों होनहार छात्र-छात्राओं ने स्वर्ण और रजत पदक जीतकर न केवल विद्यालय और रक्सौल अनुमंडल का गौरव बढ़ाया है, बल्कि अपने माता-पिता का भी नाम ऊँचा किया है। उनकी इस ऐतिहासिक जीत पर SAV विद्यालय के प्राचार्य साइमन रेक्स सर सहित अरविंद कुमार सिंह,अशोक कुमार ,विक्टर डेका ,मंदीप कुमार,बबीता कुमारी,प्रीति कुमारी आदि ने उज्जवल भविष्य की कामना के साथ उन्हें हार्दिक बधाई दी है।साथ ही समस्त रक्सौल वासियों की तरफ से भी उन्हें ढेरों शुभकामनाएँ मिल रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!