
रक्सौल ।(Vor desk)। चुनाव आयोग के निर्देश पर पूर्वी चम्पारण प्रशासन ने बिहार विधानसभा की चुनावी तैयारी तेज कर दी है।इसी क्रम में बुधवार को रक्सौल के इनडोर स्टेडियम में पूर्वी चंपारण के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल और एसपी स्वर्ण प्रभात के नेतृत्व में 10- रक्सौल एवं 12-नरकटिया विधानसभा क्षेत्र के चुनाव की तैयारी के मद्देनजर समीक्षा बैठक आयोजित की गई,जिसमे निर्वाची पदाधिकारी ,सहायक निर्वाची पदाधिकारी, सेक्टर पदाधिकारी एवं सेक्टर पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

समीक्षा बैठक में सेक्टर पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी से उनके कार्य दायित्व से संबंधित कई प्रश्न पूछे गए।एक एक सहायक निर्वाची पदाधिकारी से भी उनके कार्य दायित्व एवं विभिन्न कोषांगो में उनके उत्तरदायित्व से संबंधी प्रश्न पूछे गए। साथ ही विभिन्न थाना प्रभारी से संवेदनशील पॉकेट्स, क्रिटिकल एवं संवेदनशील बूथ के चिन्हित लोगों पर तेजी से बॉन्ड डाउन का निर्देश दिया गया।एसपी स्वर्ण प्रभात ने इस मौके पर बॉन्ड डाउन धीमी होने के कारण कई थानाध्यक्ष को कड़ी फटकार भी लगाई गई। बैठक में सेक्टर पदाधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के नवीनतम दिशा निर्देश से भी अवगत कराया गया ताकि मतदान की प्रकिया सुचारू रूप से संचालित किया जा सके।बैठक में रक्सौल विधानसभा के निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीओ मनीष कुमार, नरकटिया की निर्वाची पदाधिकारी सह डीसीएलआर रश्मि सिंह, डीएसपी मनीष आनंद, कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार, बीडीओ जयप्रकाश, सीओ शेखर राज सहित दोनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी पुलिस और सेक्टर पदाधिकारी मौजूद रहे।

बिहार विधानसभा आम चुनाव के मद्देनज़र एसएसबी टीम की ब्रीफिंग
पूर्वी चम्पारण जिलाधिकारी एवं एसपी के द्वारा बिहार विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न करने को लेकर नथुनी दुर्गा उच्च विद्यालय पुरन्दरा, भेलाही रक्सौल में सीमा सुरक्षा बल की टीम को अवांछित गतिविधि, सीमा पार आवाजाही एवं गैर क़ानूनी तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया ।

उन्होंने जवानों के लिए उपलब्ध आवासन व्यवस्था और ,सुविधा संसाधन का जायजा लेने के बाद बताया कि भेलाही में सीमा सुरक्षा बल की एक कंपनी मौजूद है । जिन्हें जिला प्रशासन की तरफ से सभी मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराई जा रही है । जिलाधिकारी श्री जोरवाल ने इस दौरान निर्देशित करते हुए कहा कि सभी वाहनों की जांच की जाए। छापामारी अभियान में और तेजी लाई जाए एवं जो भी अवैध सामग्री यथा नारकोटिक्स,शराब आदि मिल रहा है तो उसे जब्त किया जाए। अगर अवैध धनराशि का आवा गमन हो रहा है तो उसकी सूचना संबंधित वरीय पदाधिकारी को देते हुए उसे नियमानुसार जप्त कर लिया जाए।
