
रक्सौल ।(Vor desk)।नवरात्र की शुरुआत के साथ ही नेपाल के वीरगंज में एक अनोखी पहल हुई।पहली बार नवदुर्गा भवानी की ‘चुनरी यात्रा’ निकाली गई। यह यात्रा सोमवार को घटस्थापना के दिन आयोजित की गई थी।
वीरगंज के माईस्थान में स्थित गहवामाई मंदिर से शुरू हुई इस यात्रा में 1500 से अधिक महिला भक्तजन शामिल हुईं। इन महिलाओं ने मिलकर 1सौ 51मीटर लंबी नवदुर्गा भवानी की चुनरी को उठाया और पूरे शहर में माता के जय घोष और भक्ति गीतों के बीच नगर परिक्रमा की।

यह ‘चुनरी यात्रा’ विश्व हिन्दू परिषद नेपाल द्वारा आयोजित की गई थी। नगर परिक्रमा के बाद, यह यात्रा वापस मंदिर प्रांगण में पहुंची, जहाँ विशेष पूजा-अर्चना के साथ इसका समापन हुआ।

विश्व हिन्दू परिषद वीरगन्ज महानगर समिति के सचिव दीपेन्द्र कुमार सर्राफ ने बताया कि दशहरा के दौरान नवदुर्गा को चढ़ाई जाने वाली चुनरी की ऐसी यात्रा नेपाल में पहली बार निकाली गई है।

उन्होंने यह भी कहा कि भारत के कुछ बड़े शहरों में यह परंपरा है, लेकिन नेपाल में पहले ऐसा नहीं होता था। अब हर साल घटस्थापना के दिन वीरगन्ज में यह ‘चुनरी यात्रा’ निकाली जाएगी। सर्राफ ने स्पष्ट किया कि यह यात्रा देश और समाज के कल्याण और मंगल कामना के लिए आयोजित की गई थी और इसके लिए किसी से भी कोई आर्थिक मदद नहीं ली गई।
