Saturday, March 7

अनुमंडल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम की छापेमारी में चार फर्जी क्लिनिक और नर्सिंग होम सील,मची खलबली!

रक्सौल।(Vor desk)। अनुमंडल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को रक्सौल में कुछ टार्गेटेड नर्सिंग होम पर छापेमारी की। यह कार्रवाई पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी के विशेष निर्देश पर की गई, जिसमें अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद,थानाध्यक्ष विजय कुमार, रक्सौल पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा राजीव रंजन कुमार,अनुमंडल अस्पताल रक्सौल की उपाधीक्षक डॉ. स्वाती सपन सहित एक बड़ी टीम शामिल थी।
इस छापेमारी के दौरान, प्रशासन ने रक्सौल के सैनिक रोड में डा के मोहन के सनराइज हेल्थ केयर एंड चैरिटेबल अस्पताल को सील कर दिया। जांच में पाया गया कि यह अस्पताल मानकों के अनुरूप नहीं था, जिसे एक फर्जी चिकित्सक द्वारा संचालित किया जा रहा था। इसके बाद, टीम कौड़िहार रोड के हंस टोला स्थित आबदा स्वास्थ्य केंद्र पहुंची। उक्त केंद्र की जांच और सिल करने की कारवाई देर शाम तक जारी रही। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर की गई है।इसके अलावा स्काई हॉस्पिटल में भी छापेमारी कर सील किया गया,जबकि,हरैया सिवान टोला में एस एल एम हॉस्पिटल को भी सील कर दिया गया है।दोनो जगह छापेमारी के बाद संचालन,चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मी भाग खड़े हुए।


यह ध्यान देने वाली बात है कि रक्सौल नगर के अलावा कौड़िहार ,लक्ष्मीपुर जैसे इलाकों में दर्जनों ऐसे अवैध नर्सिंग होम चल रहे हैं, जहां तथाकथित झोलाछाप डॉक्टर बिना किसी उचित योग्यता और मानक के मरीजों का ऑपरेशन करते हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में एक नई उम्मीद जगी है कि इन फर्जी चिकित्सकों से जल्द ही उन्हें छुटकारा मिलेगा और उनकी जान खतरे में नहीं पड़ेगी।(रिपोर्ट: पीके गुप्ता)।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!