
रक्सौल।(Vor desk)।बिहार में इसी साल विधानसभा का चुनाव होने वाला है। उससे पहले नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड के दो पुराने नेताओं ने उन्हें झटका दे दिया है।कई बार विधायक, सांसद और मंत्री रहे दसई चौधरी और जदयू प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सह पूर्व मुखिया भुवन पटेल ने प्रशांत किशोर का दामन थाम लिया है।प्रशांत किशोर ने दोनो का उत्साहपूर्वक स्वागत भी किया है।दोनो शुक्रवार को एक कार्यक्रम के बीच बड़ी संख्या में अपने समर्थकों के साथ जनसुराज में शामिल हो गए। शेखपुरा हाउस आवास में आयोजित मिलन समारोह में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने दोनों नेताओं को पीला गमछा पहनाकर पार्टी में स्वागत किया। इस अवसर पर उदय सिंह ने कहा कि मैं नीतीश कुमार का बहुत बड़ा प्रशंसक रहा हूं, लेकिन अब वे वैसे लोगों के साथ घिरे हुए हैं जो बिहार को तेजी से सर्वनाश की ओर ले जा रहे हैं। वे राह भटक गए हैं। दसई चौधरी ने कहा कि वे संगठन में काम करने आए हैं।पार्टी जो काम देगी, उसे पूरा करेंगे। भुवन पटेल ने कहा कि नीतीश कुमार सबसे जीनियस मुख्यमंत्री हैं, कार्यकर्ताओं पर ध्यान देते रहे हैं।
लेकिन उम्र के अनुसार उनकी शारीरिक क्षमता कम हो रही है। स्थिति ऐसी हो गई है कि अगल-बगल रहने वाले कुछ लोग ही सरकार चला रहे हैं।अब वहां पार्टी के पुराने समर्पित कार्यकर्ताओं को दिक्कत हो रही है। भुवन पटेल समता पार्टी के संस्थापक सदस्य हैं। कहा कि जदयू से बड़ी संख्या में लोग निकलेंगे और दूसरी पार्टियों में जगह बनाएंगे।इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, प्रदेश संगठन महामंत्री सुभाष कुशवाहा, पूर्व सांसद सीताराम यादव, पूर्व विधान पार्षद रामबली चंद्रवंशी और सुधीर शर्मा भी मौजूद थे।
विधायक प्रमोद सिन्हा पर साधा निशाना
चंपारण विकास पार्टी से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू करते हुए भुवन पटेल नीतीश कुमार के संग समता पार्टी के संस्थापक सदस्य रहे,जो बाद में जनता दल यूं हो गई। राजनीति में लंबी यात्रा के बाद नई पारी शुरू करते हुए जन सुराजी होने के बाद भुवन पटेल उर्फ कपिलदेव प्रसाद सीधे तौर पर रक्सौल के भाजपा विधायक प्रमोद सिन्हा पर हमलवार दिखे।उन्होंने वर्तमान विद्यायक पर निशाना साधते हुए कहा कि -प्रमोद सिन्हा सबसे कमीशन लेते हैं। क्या काम करेंगे।उनका बात कौन अफसर मानेगा। क्यों मानेगा।उन्होंने कहा की हम एक पहला काम करेंगे कि कान पकड़ कर उठक बैठक करा देंगे ब्लॉक में।हालाकि,उनकी तल्खी कोई नहीं नहीं थी।वर्ष 2000 में जब प्रमोद सिन्हा जद यू से भाजपा में शामिल हो कर उम्मीदवार बने थे,तब एनडीए में रहते हुए उन्होंने मोर्चा खोल खुला विरोध किया था।
जन सुराज में शामिल होने पर मची खलबली,विधायक आवास पर हुई भाजपा -जद यू की बैठक

यह पहले से संकेत था कि 5सितंबर को भुवन पटेल जनसुराज में शामिल होंगे।उधर पटना में श्री पटेल जनसुराजी हुए,तो,इसी दिन रक्सौल के हरैया स्थित विधायक आवास पर भाजपा जनता दल यूं की संयुक्त बैठक आयोजित हुई,जो आगामी 11सितंबर को आयोजित होने वाली एनडीए बैठक के तैयारियों के नाम पर हुआ। इसमें आगामी चुनौतियों सहित विभिन्न मुद्दे पर गहरी चर्चा हुई।कहा गया कि एनडीए की एकता और प्रतिबद्धता से हम विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर रहेंगे।बैठक में भाजपा के अलावा मुख्य रूप से जेडीयू जिलाध्यक्ष मंजू देवी, जेडीयू जिला सचिव रमेश पटेल, जेडीयू जिला महासचिव ताराचंद पटेल, मुकेश पटेल, किशोरी पटेल,जेडीयू युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष सन्नी पटेल,जेडीयू से रक्सौल प्रखण्ड अध्यक्ष राजेंद्र पटेल, जेडीयू जिला उपाध्यक्ष मनोज पटेल उपस्थित रहे।बैठक को ले कर चर्चा रही की पुराने दिनों में साथ देने वाले नजदीकी नेता चुनावी बेला में एक बार फिर साथ दिखे,जो काफी दिनों से अपने को अलग थलग और मायूस थे,वहीं,ऐसे भी दिखे जिसे भाव नहीं मिलता था।बैठक के दौरान कहा भी गया कि यह बैठक हमारे संयुक्त प्रयासों की दिशा को नई गति प्रदान करेगी।
जन सुराज में भी दिखी हलचल
भुवन पटेल के जद यू छोड़ जनसुराज में शामिल होने और आगामी विधान सभा चुनाव में प्रत्याशी बनाए जाने की चर्चा के बाद रक्सौल जन सुराज में भी हलचल दिखी।जन सुराज नेत्री पूर्णिमा भारती ने टिकट देने के सवाल पर आपत्ति जताते हुए कहा कि पार्टी में शामिल होने को टिकट से जोड़ना गलत है।मैं श्री पटेल का पार्टी में स्वागत करती हूं,लेकिन,अफवाह नहीं फैलाया जाना चाहिए।उनका कहना था कि मेरी तो चाहत पूर्व मंत्री श्याम बिहारी प्रसाद,पूर्व विधायक अजय सिंह,पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी राम बाबू यादव को भी शामिल कराने की है, ताकि, पार्टी मजबूत हो।इधर,शशांक शेखर के पिता महेंद्र ठाकुर की भी कड़ी प्रतिक्रिया दिखी ।उन्होंने कहा कि पार्टी को सींचने और खड़ा करने वालों की कद्र होनी चाहिए।
