
रक्सौल।(Vor desk)। रक्सौल नगर परिषद के सभा कक्ष में सोमवार को बोर्ड बैठक आयोजित हुई, जिसमें शहर के विकास और आम जनता की समस्याओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया। बैठक की अध्यक्षता कार्यवाहक नगर सभापति पुष्पा देवी ने की और संचालन कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने किया । इस दौरान शहर की उन प्रमुख चुनौतियों पर चर्चा हुई जिनसे रक्सौल के लोग रोज़ाना जूझ रहे हैं।बैठक में पूर्व निर्धारित सात विचारणीय बिंदुओं यथा बैठक की समीक्षा एवं सम्पुष्टि, नल-जल योजना की समीक्षा, साफ-सफाई कार्य की समीक्षा, विकासात्मक योजनाओं के चयन पर विचार, पूराने खराब स्ट्रीट लाइट एवं मेन रोड से हटाए गए लाइट के मरम्मति एवं अधिष्ठापन पर विचार, राजस्व संग्रह एवं इसको बढ़ोतरी तथा अन्यान्य पर चर्चा हुई।
*प्रमुख एजेंडा और शहर की समस्याएं
बैठक में नल-जल योजना की धीमी गति एक बड़ा मुद्दा बनकर उभरा। पार्षदों ने स्वीकार किया कि हर घर तक नल का पानी पहुंचाने का काम अभी अधूरा है और इसे जल्द पूरा करने की आवश्यकता है, क्योंकि कई वार्डों में लोग अब भी पानी की समस्या से परेशान हैं। इसी तरह, शहर की साफ-सफाई व्यवस्था भी सवालों के घेरे में रही। शहर की बदहाल स्वच्छता को सुधारने के लिए एनजीओ को काम सौंपने का प्रस्ताव रखा गया। वार्ड 9 के पार्षद कुंदन सिंह ने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि नई व्यवस्था में मौजूदा सफाईकर्मियों की नौकरी पर कोई आंच न आए।
*अधूरे विकास कार्य और जनता का दर्द
शहर के अधूरे पड़े निर्माण कार्य भी चर्चा का विषय बने। वार्ड 21 की पार्षद सीमा गुप्ता ने सब्जी बाजार में सड़क निर्माण का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि काम पास होने के 10 महीने बाद भी शुरू नहीं हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों और ग्राहकों को भारी परेशानी हो रही है। इसी तरह, वार्ड 6 के पार्षद घनश्याम प्रसाद ने बैंक रोड पर नाले का निर्माण जल्द पूरा करने की मांग की, क्योंकि जल निकासी की खराब व्यवस्था से बरसात में यहाँ की हालत बदतर हो जाती है। सबसे गंभीर मुद्दा खुले में मांस की बिक्री को लेकर था, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा लगातार बना हुआ है। सीमा गुप्ता ने इस पर तुरंत रोक लगाने की मांग की, जो रक्सौल में स्वच्छता और स्वास्थ्य से जुड़ी एक पुरानी समस्या है।
निर्णय और भविष्य की योजनाएं
बैठक के बाद कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि सभी मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई है और जल्द ही इनपर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि शहर में डिवाइडर लगाने और सार्वजनिक शौचालय बनाने के लिए टेंडर जारी हो चुके हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि शहर के सौंदर्यीकरण और विकास से जुड़ी सभी लंबित परियोजनाओं को जल्द ही पूरा किया जाएगा ताकि रक्सौल को बेहतर बनाया जा सके।
बैठक में पार्षद मो. अब्बास, रवि कुमार गुप्ता,धनश्याम प्रसाद गुप्ता,कुंदन कुमार सिंह ,जितेन्द्र दत्ता,दीपक कुमार गुप्ता,ओम कुमार, मुकेश कुमार, , रबीता देवी, डिंपल चौरसिया, निलाक्षी श्रीवास्तव, सहित नप प्रबंधक अविनाश कुमार राव, प्रभारी प्रधान सहायक चंदेश्वर बैठा, कर संग्राहक पंकज कुमार सिंह, नगर मिशन प्रबंधक राकेश रंजन, कनीय अभियंता राज कुमार राय, सहायक अजीत कुमार श्रीवास्तव, बैजू जायसवाल,हिमांशु श्रीवास्तव सहित अन्य नप कर्मी मौजूद थे।(रिपोर्ट:पीके गुप्ता)
